Thursday, November 26, 2026

प्रशांत किशोर समेत आठ याचिकाकर्ताओं को हाई कोर्ट से अंतरिम राहत नहीं, केस डायरी मांगी

Share

सचिवालय थाना कांड संख्या 154/2025 से जुड़े मामले में ट्रायल कोर्ट के संज्ञान को दी गई है चुनौती। राज्य सरकार ने याचिका का विरोध किया।

पटना। जनसुराज पार्टी के संस्थापक और बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर समेत आठ लोगों को पटना हाई कोर्ट से फिलहाल राहत नहीं मिली है। कथित दंगा, विधि विरुद्ध जमावड़ा, सरकारी कामकाज में बाधा और निषेधाज्ञा के उल्लंघन से जुड़े मामले में अदालत ने अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया। साथ ही सुनवाई के दौरान केस डायरी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

न्यायमूर्ति प्रवीण कुमार की एकलपीठ ने निचली अदालत की ओर से मामले में लिए गए संज्ञान को रद्द करने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई की। याचिकाकर्ताओं ने अपने खिलाफ हुई न्यायिक कार्रवाई को चुनौती देते हुए संज्ञान आदेश निरस्त करने की मांग की है।

आठ लोगों ने दाखिल की याचिका

प्रशांत किशोर के साथ इस मामले में मनोज कुमार भारती, विवेक कुमार, नरेंद्र प्रसाद मंडल, किशोर कुमार, अरविंद कुमार सिंह, ललन यादव और त्रिपुरारी कुमार तिवारी ने हाई कोर्ट का रुख किया है।

सभी याचिकाकर्ताओं ने ट्रायल कोर्ट की ओर से उनके खिलाफ लिए गए संज्ञान को गलत बताते हुए उसे रद्द करने की मांग की है।

सचिवालय थाना कांड संख्या 154/2025 से जुड़ा मामला

यह प्रकरण पटना के सचिवालय थाना कांड संख्या 154/2025 से संबंधित है। मामले में 23 जुलाई 2025 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पटना के एसीजेएम-द्वितीय की अदालत ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 190, 132 और 223 के तहत लगाए गए आरोपों का संज्ञान लिया था। इसी आदेश को याचिकाकर्ताओं ने हाई कोर्ट में चुनौती दी है।

राज्य सरकार ने याचिका का किया विरोध

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से महाधिवक्ता एसडी संजय ने पक्ष रखा। उन्होंने आरोपों को सही ठहराते हुए अदालत से याचिकाकर्ताओं को राहत नहीं देने का अनुरोध किया।

वहीं, याचिकाकर्ताओं की तरफ से वरीय अधिवक्ता वाईवी गिरि ने दलीलें पेश कीं।

याचिकाकर्ताओं ने प्राथमिकी को बताया झूठा

याचिकाकर्ताओं की ओर से अदालत में कहा गया कि उनके खिलाफ पर्याप्त विचार-विमर्श के बिना यांत्रिक तरीके से झूठा मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने ट्रायल कोर्ट के संज्ञान आदेश को निरस्त करने की मांग की।

हालांकि, हाई कोर्ट ने इस स्तर पर कोई अंतरिम राहत नहीं दी। मामले की आगे की सुनवाई के लिए केस डायरी तलब की गई है।

Read more

Local News