बेतिया से शुरू होगी जिलों की यात्रा, विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ जनता की शिकायतें भी सुनेंगे सीएम
पटना/बेतिया। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कार्यशैली से प्रेरित होकर जिलों का दौरा करने जा रहे हैं। एनडीए सरकार का एक साल पूरा होने के बाद मुख्यमंत्री गुरुवार को पश्चिम चंपारण के बेतिया से अपनी पदयात्रा की शुरुआत करेंगे। इस दौरान वे विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे और जमीनी स्तर पर उनकी प्रगति का जायजा लेंगे।
मुख्यमंत्री की इस पहल को नीतीश कुमार की पुरानी यात्रा परंपरा से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, सम्राट चौधरी ने अपनी यात्रा को अभी तक कोई आधिकारिक नाम नहीं दिया है। यात्रा का विस्तृत कार्यक्रम भी जारी नहीं हुआ है। इसके बावजूद इसको लेकर बिहार की सियासत गर्म हो गई है।
बेतिया में योजनाओं की समीक्षा और जनता से संवाद
बेतिया से यात्रा शुरू करते हुए मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। वे विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने के साथ स्थानीय लोगों की शिकायतें भी सुनेंगे। इसके अलावा कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किए जाने का भी कार्यक्रम है।
योजना के मुताबिक, मुख्यमंत्री प्रदेश के सभी 38 जिलों में एक-एक कर पहुंचेंगे। हालांकि, यात्रा का विस्तृत रूट और तारीखों की सूची अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है।
नीतीश कुमार ने की थीं डेढ़ दर्जन से अधिक यात्राएं
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने करीब 20 साल के कार्यकाल में डेढ़ दर्जन से अधिक यात्राएं की थीं। इनमें न्याय यात्रा, विकास यात्रा, धन्यवाद यात्रा, प्रवास यात्रा, विश्वास यात्रा, सेवा यात्रा, अधिकार यात्रा, जल-जीवन-हरियाली यात्रा, प्रगति यात्रा और समृद्धि यात्रा प्रमुख हैं।
इन यात्राओं के दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं और सरकारी कार्यक्रमों की समीक्षा की। साइकिल योजना सहित कई महत्वपूर्ण फैसलों को भी इन दौरों से जोड़कर देखा जाता है।
जदयू ने बताया जनता से सीधे जुड़ने की परंपरा
जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार ने जनता के बीच जाकर योजनाओं की समीक्षा और उनके भौतिक सत्यापन की परंपरा स्थापित की है। उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री का सीधे जनता के बीच पहुंचना और समस्याओं की जानकारी लेना बेहतर प्रशासन के लिए जरूरी है।
उन्होंने कहा कि फिलहाल सात निश्चय-3 पर काम चल रहा है और सम्राट चौधरी नीतीश कुमार का सम्मान करते हैं। किसी भी बड़े कार्यक्रम से पहले वे उनसे मिलकर आशीर्वाद और स्नेह लेते हैं।
राजद ने उठाए सवाल, आत्ममंथन की दी सलाह
मुख्यमंत्री की यात्रा पर राजद ने सवाल खड़े किए हैं। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा कि सरकार को पहले आत्ममंथन करने की जरूरत है। उन्होंने सवाल किया कि एक साल में ऐसा कौन-सा काम हुआ है, जिसके आधार पर मुख्यमंत्री समीक्षा यात्रा पर निकल रहे हैं।
शक्ति यादव ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को अपराध और कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी नीतीश कुमार के रास्ते पर चलना चाहते हैं तो यह उनकी मर्जी है, लेकिन उन्हें नीतीश कुमार की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर भी ध्यान देना चाहिए।
भाजपा ने राजद के आरोपों का दिया जवाब
राजद के सवालों पर भाजपा प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राजद को अपने शासनकाल की ही घटनाएं हर जगह दिखाई देती हैं। उनके मुताबिक, वर्ष 2005 के बाद बिहार में विकास और बदलाव की प्रक्रिया तेज हुई है।
प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि नीतीश कुमार ने विकास की लंबी लकीर खींची है। सम्राट चौधरी उसी काम को आगे बढ़ाने और उससे भी बेहतर परिणाम देने की दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जिलों में जाकर योजनाओं की समीक्षा करेंगे और जहां कमियां मिलेंगी, उन्हें दूर करने का प्रयास करेंगे।
यात्रा के कार्यक्रम पर अभी भी सस्पेंस
मुख्यमंत्री की यात्रा को लेकर आधिकारिक कार्यक्रम का इंतजार है। भाजपा के मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल के अनुसार, मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से अभी तक यात्रा की विस्तृत सूची जारी नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जिलों में जाकर समीक्षा करेंगे और फिलहाल बेतिया में पदयात्रा का कार्यक्रम है।
विशेषज्ञों ने बताया जमीनी फीडबैक के लिए जरूरी
राजनीतिक विशेषज्ञ प्रोफेसर प्रमोद कुमार का मानना है कि नीतीश कुमार ने जिलों में जाकर समीक्षा करने की जो परंपरा शुरू की, वह अब शासन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री जब तक खुद जमीन पर जाकर योजनाओं की स्थिति नहीं देखेंगे, तब तक उन्हें सही फीडबैक नहीं मिल पाएगा।
प्रोफेसर प्रमोद कुमार ने कहा कि केवल अधिकारियों की रिपोर्ट पर निर्भर रहने से विकास योजनाओं की वास्तविक स्थिति का पता नहीं चलता। मुख्यमंत्री का जिलों में जाकर योजनाओं का निरीक्षण करना और लोगों से सीधे संवाद करना एक सकारात्मक कदम हो सकता है।
