पटना: अलीनगर से भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर और उनके पिता के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पटना साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत विधायक के सरकारी बॉडीगार्ड ने दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इंस्टाग्राम अकाउंट से टिप्पणी करने का आरोप
शिकायत के अनुसार, इंस्टाग्राम पर एक अकाउंट के जरिए विधायक मैथिली ठाकुर और उनके पिता को निशाना बनाकर लगातार अभद्र टिप्पणियां की जा रही हैं। लिखित आवेदन में बताया गया है कि सरकारी बॉडीगार्ड को 14 नवंबर को दोपहर करीब 2:40 बजे सोशल मीडिया के माध्यम से इस आपत्तिजनक सामग्री की जानकारी मिली थी। इसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।
सार्वजनिक छवि और महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप
शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों के जरिए विधायक की सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसे एक महिला की गरिमा और आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने वाली हरकत भी बताया गया है।
आवेदन में कहा गया है कि निर्वाचित जनप्रतिनिधि के खिलाफ इस तरह की अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल समाज पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है।
सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका
शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि इस तरह की आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार से विभिन्न समुदायों के बीच सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। इससे लोगों की भावनाएं आहत होने और क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनने की आशंका भी जताई गई है। बॉडीगार्ड ने संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
साइबर पुलिस कर रही तकनीकी जांच
शिकायत मिलने के बाद पटना साइबर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की तकनीकी टीम संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट की पहचान करने और उस पर की गई टिप्पणियों से जुड़े डिजिटल साक्ष्य जुटाने में लगी है।
पटना साइबर थाना प्रभारी संगीता ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि आवेदन के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि संबंधित अकाउंट किसके नाम पर पंजीकृत है और उसका संचालन कौन कर रहा है। टिप्पणियां कहां से और किस उद्देश्य से पोस्ट की गईं, इसकी भी जांच हो रही है।
थाना प्रभारी के मुताबिक, जांच पूरी होने और तथ्यों के स्पष्ट होने के बाद मामले में शामिल लोगों की पहचान कर दोषियों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
