नालंदा: बिहार में निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा के बीच जदयू विधायक रुहैल रंजन ने उन्हें राज्य का भावी मुख्यमंत्री बताया है। इस्लामपुर से विधायक रुहैल रंजन ने कहा कि निशांत कुमार आज नहीं तो कल बिहार के मुख्यमंत्री जरूर बनेंगे। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब राजद सांसद मीसा भारती की ओर से भी निशांत कुमार को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बताए जाने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
‘निशांत के नेतृत्व में बिहार का होगा विकास’
विधायक रुहैल रंजन ने कहा कि पिछले छह महीनों में स्वास्थ्य विभाग में निशांत कुमार ने जो काम किया है, उससे उनके नेतृत्व की दिशा स्पष्ट होती है। उन्होंने कहा कि जब बिहार की कमान निशांत कुमार के हाथों में आएगी, तो राज्य के लोगों के लिए अच्छा दिन होगा। उनके मुताबिक, निशांत कुमार के नेतृत्व में बिहार का विकास होगा।
मीसा भारती के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए रुहैल रंजन ने कहा कि उन्हें कुछ कहने से पहले अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव को विधानसभा में सक्रिय रहने की सलाह देनी चाहिए।
तेजस्वी यादव की विधानसभा में उपस्थिति पर उठाए सवाल
जदयू विधायक ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की विधानसभा में उपस्थिति को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि पिछले तीन सत्रों में तेजस्वी यादव केवल दो बार और वह भी दो-दो दिनों के लिए विधानसभा पहुंचे हैं।
रुहैल रंजन ने कहा कि इस बार जनता ने राजद को 25 सीटें दी हैं, जिसके आधार पर तेजस्वी यादव नेता प्रतिपक्ष बने हैं। उन्होंने कहा कि यदि अगली बार भी इस पद पर बने रहना है, तो उन्हें विधानसभा आकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
नालंदा में औद्योगिक पार्क के लिए 382.23 करोड़ की मंजूरी
विधायक ने इस्लामपुर क्षेत्र के मौजा ब्रह्मगांवा में औद्योगिक पार्क के निर्माण की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि इसके लिए 564.37 एकड़ जमीन के अधिग्रहण के वास्ते कैबिनेट से 382.23 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं व्यय स्वीकृति मिल गई है।
रुहैल रंजन ने इस परियोजना के लिए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2025 में नीतीश कुमार ने पहली बार इस परियोजना को मंजूरी दी थी। विधायक ने वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह को भी धन्यवाद दिया।
औद्योगिक पार्क से 5 से 7 हजार लोगों को रोजगार की उम्मीद
रुहैल रंजन के मुताबिक, औद्योगिक पार्क बनने से स्थानीय स्तर पर 5 से 7 हजार लोगों को रोजगार मिल सकता है। इससे नालंदा के युवाओं को नौकरी के लिए दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और पुणे जैसे महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने देशभर के उद्योगपतियों और निवेशकों से इस्लामपुर में उद्योग लगाने की अपील की। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में ऐसे उद्योग लाने का प्रयास किया जाएगा, जो अधिक से अधिक स्थानीय लोगों को रोजगार दे सकें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निवेश करने वाली कंपनियों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
भरथू कैनाल के जीर्णोद्धार को भी मिली मंजूरी
विधायक ने बताया कि क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए भरथू कैनाल के जीर्णोद्धार की 54 करोड़ रुपये की योजना को भी कैबिनेट से मंजूरी मिल चुकी है।
उन्होंने कहा कि जहां-जहां नहर पर अतिक्रमण है, उन हिस्सों को बाइपास कर महमूदा मेन कैनाल में पानी पहुंचाया जाएगा। इसके बाद मुहाने और जलवार नदी को भी पानी मिलेगा। इससे अतिक्रमण हटाने से जुड़ी जटिलता कम होगी और किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
जदयू में अंदरूनी अनबन की चर्चाओं को किया खारिज
अनंत सिंह की बेटी की शादी में कई बड़े नेताओं के शामिल होने के बाद जदयू के वरिष्ठ नेताओं ललन सिंह और संजय झा के बीच कथित अनबन की चर्चाओं पर भी रुहैल रंजन ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पार्टी में किसी तरह के मतभेद से इनकार किया।
विधायक ने कहा कि निशांत कुमार के नेतृत्व में पार्टी पूरी तरह एकजुट है और अंदरूनी तौर पर कोई अनबन नहीं है। उन्होंने कहा कि शादी समारोह में शामिल होना व्यक्तिगत मामला है। हिंदू समाज में विवाह एक उत्सव की तरह होता है, जिसमें रिश्तेदारों के साथ दूर-दराज के लोग और विपक्षी दलों के नेता भी शामिल होते हैं। ऐसे आयोजनों को राजनीतिक नजरिये से नहीं देखना चाहिए।
