नई दिल्ली। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारियों के तहत आम आदमी पार्टी (आप) से भाजपा में शामिल हुए छह राज्यसभा सांसदों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पार्टी ने इन सांसदों से पंजाब की 13 लोकसभा सीटों में से अपनी पसंद के क्षेत्र चुनने को कहा है। चुने गए लोकसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी इन्हीं सांसदों को दी जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा की योजना इन सांसदों के राजनीतिक संपर्कों और संगठनात्मक अनुभव का इस्तेमाल कर पंजाब में पार्टी की चुनावी गतिविधियों को मजबूत करने की है। उन्हें चुनाव प्रचार के साथ-साथ बूथ प्रबंधन, प्रचार सामग्री और अन्य जरूरी संसाधनों की व्यवस्था पर भी ध्यान देने को कहा गया है।
आप के सात राज्यसभा सांसद भाजपा में शामिल हुए
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी के दस राज्यसभा सांसदों में से सात अप्रैल 2026 में भाजपा में शामिल हो गए थे। इनमें राघव चड्ढा, स्वाति मालीवाल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, अशोक कुमार मित्तल, विक्रमजीत साहनी और राजिंदर गुप्ता शामिल हैं।
स्वाति मालीवाल दिल्ली से राज्यसभा सांसद हैं, जबकि बाकी छह सांसद पंजाब से आप के टिकट पर चुने गए थे। भाजपा ने संदीप पाठक को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी भी दी है।
चुनाव प्रचार और प्रबंधन में मिलेगी अलग-अलग भूमिका
संदीप पाठक को पंजाब में संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति से जुड़े काम सौंपे गए हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में आप के राष्ट्रीय संगठन मंत्री के तौर पर उन्होंने उम्मीदवारों के चयन में अहम भूमिका निभाई थी। सूत्रों के मुताबिक, मौजूदा आप विधायकों के साथ उनके संपर्कों को देखते हुए उनसे संभावित नेताओं और उम्मीदवारों की पहचान करने को कहा गया है। इसके लिए वे सर्वे भी कर रहे हैं।
वहीं, भाजपा राघव चड्ढा और हरभजन सिंह को चुनाव प्रचार में सक्रिय करने की तैयारी में है। अशोक मित्तल, राजिंदर गुप्ता और विक्रमजीत साहनी को चुनाव प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण काम दिए गए हैं।
घोषणापत्र और चार्जशीट समितियों में भी शामिल
भाजपा ने इन सांसदों को चुनाव से संबंधित विभिन्न समितियों में भी जगह दी है। राघव चड्ढा, हरभजन सिंह और राजिंदर गुप्ता को घोषणापत्र समिति का सदस्य बनाया गया है। वहीं, संदीप पाठक, अशोक कुमार मित्तल और विक्रमजीत सिंह साहनी को चार्जशीट समिति में शामिल किया गया है।
इसके अलावा पंजाब भाजपा ने दूसरी पार्टियों के नेताओं को पार्टी में शामिल कराने के लिए ज्वाइनिंग समिति गठित की है। इसमें संदीप पाठक को भी सदस्य बनाया गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, आप नेताओं के साथ उनके संपर्कों को इस जिम्मेदारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
लोकसभा क्षेत्रों के तहत विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा ने इन सांसदों को ऐसे लोकसभा क्षेत्रों में काम करने को कहा है, जहां विधानसभा चुनाव के दौरान गठबंधन के उम्मीदवारों की जीत पार्टी की प्राथमिकता होगी।
अशोक मित्तल को जालंधर, लुधियाना और होशियारपुर लोकसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली 14 हिंदू बहुल विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, राजिंदर गुप्ता को लुधियाना लोकसभा क्षेत्र की बाकी विधानसभा सीटों का चुनावी प्रबंधन देखने को कहा गया है।
इन सांसदों को अपने-अपने क्षेत्रों में बूथ स्तर की तैयारियों, चुनाव प्रबंधन, प्रचार के प्रमुख मुद्दों और सोशल मीडिया अभियान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा प्रचार सामग्री और अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था भी उनकी जिम्मेदारी में शामिल होगी।
प्रदर्शन के आधार पर तय हो सकती है आगे की भूमिका
सूत्रों के अनुसार, इन सांसदों की आगे की भूमिका उनके जिम्मे दिए गए क्षेत्रों में पार्टी के प्रदर्शन के आधार पर तय हो सकती है। राघव चड्ढा को भी चुनाव प्रबंधन से जुड़े अतिरिक्त कार्य सौंपे गए हैं।
पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की यह रणनीति अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और आप के पूर्व नेताओं के राजनीतिक अनुभव का इस्तेमाल करने पर केंद्रित है। चुनाव में इन नियुक्तियों और जिम्मेदारियों का कितना असर पड़ेगा, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।
