Wednesday, November 25, 2026

मसौढ़ी में दिनदहाड़े जलायी जा रही पराली, प्रतिबंध के बावजूद नहीं थम रहा सिलसिला

Share

पटना। सरकार के सख्त निर्देश और प्रतिबंध के बावजूद मसौढ़ी अनुमंडल के तीनों प्रखंडों में खेतों में पराली जलाने का सिलसिला जारी है। बुधवार को पुनपुन प्रखंड के नदपुरा, पोठही समेत कई स्थानों पर दिन के उजाले में खुलेआम पराली जलायी जाती देखी गई। मामला सामने आने के बाद अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) धनराज कुमार ने इसे गंभीरता से लिया है।

उन्होंने प्रखंड कृषि पदाधिकारी (बीएओ) को मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। साथ ही पराली जलाने वाले किसानों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही गई है।

पराली जलाने से मिट्टी की उर्वरता पर असर

कृषि विशेषज्ञ नवीन कुमार समेत अन्य विशेषज्ञों के अनुसार, पराली जलाने से खेत की ऊपरी सतह में मौजूद नाइट्रोजन और फॉस्फोरस जैसे जरूरी पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं। इसके साथ ही मिट्टी के लिए उपयोगी मित्र कीटों को भी नुकसान पहुंचता है। इससे मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है।

पराली से निकलने वाला धुआं वायु प्रदूषण बढ़ाता है। इससे सांस और आंखों से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा रहता है। इसके अलावा खेतों में आग फैलने से आसपास की फसलों और कृषि भूमि को भी नुकसान पहुंच सकता है।

नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई का प्रावधान

कृषि विभाग से सेवानिवृत्त नवीन कुमार ने बताया कि पराली जलाने पर वायु (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम के तहत प्रतिबंध है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना समेत अन्य दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है।

उन्होंने बताया कि राज्य में पराली जलाने के दोषी पाए जाने वाले किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं के लाभ से वंचित करने की व्यवस्था भी है। अब प्रशासन की जांच रिपोर्ट के बाद संबंधित किसानों पर कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।

Read more

Local News