Wednesday, November 25, 2026

बिहार में पांच साल से खाली लोकायुक्त का पद, पटना हाईकोर्ट ने मुख्य सचिव को किया तलब

Share

पटना। बिहार में पिछले पांच वर्षों से लोकायुक्त और लोकायुक्त सदस्य के पद रिक्त रहने पर पटना हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से जवाब मांगा है। नियुक्ति प्रक्रिया में असामान्य देरी पर नाराजगी जताते हुए कोर्ट ने मुख्य सचिव को 2 दिसंबर को मूल संचिका के साथ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया है।

कोर्ट ने पिछले पांच वर्षों के दौरान नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर सरकार की ओर से उठाए गए सभी कदमों का तारीखवार ब्योरा और संबंधित दस्तावेज भी मांगे हैं। न्यायमूर्ति अंशुल की एकलपीठ ने दो अलग-अलग मामलों की एक साथ सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया।

2021 और 2022 से रिक्त हैं दोनों पद

सुनवाई के दौरान अदालत को बताया गया कि बिहार में लोकायुक्त का पद 13 फरवरी 2022 से और लोकायुक्त सदस्य का पद 17 मई 2021 से रिक्त है।

बिहार लोकायुक्त अधिनियम, 2011 के अनुसार नियुक्ति की प्रक्रिया चार महीने के भीतर पूरी होनी चाहिए। इसके बावजूद दोनों पदों पर नियुक्ति पांच वर्षों से लंबित है।

25 महीने बाद गठित हुई सर्च कमेटी

हाईकोर्ट ने नियुक्ति प्रक्रिया में हुई देरी पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकायुक्त सदस्य का पद रिक्त होने के करीब 25 महीने बाद, 21 जून 2023 को सर्च कमेटी का गठन किया गया।

अदालत ने यह भी पूछा कि 15 मार्च 2024 से 18 जुलाई 2025 के बीच राज्य सरकार ने नियुक्ति को लेकर क्या कार्रवाई की। इस अवधि से संबंधित स्पष्ट दस्तावेज अदालत के सामने प्रस्तुत नहीं किए गए।

बिहार लोकायुक्त अधिनियम की धारा 4(7)(एफ) और 4(8) का उल्लेख करते हुए कोर्ट ने कहा कि सर्च कमेटी के लिए तीन महीने और चयन समिति के लिए एक महीने की समय-सीमा निर्धारित है। ऐसे में नियुक्ति प्रक्रिया का वर्षों तक लंबित रहना गंभीर सवाल खड़े करता है।

मुख्य सचिव के शपथ पत्र पर कोर्ट ने जताया असंतोष

अदालत ने मुख्य सचिव की ओर से 3 अगस्त को दाखिल शपथ पत्र पर भी असंतोष जताया। कोर्ट ने इसे टालमटोल वाला जवाब बताते हुए कहा कि इसमें पदों के रिक्त होने की वास्तविक तारीखों का भी उल्लेख नहीं किया गया था।

मुख्य सचिव को पूरक शपथ पत्र दाखिल कर 17 मई 2021 से 21 जून 2023 और 15 मार्च 2024 से 18 जुलाई 2025 के बीच सरकार की ओर से उठाए गए प्रत्येक कदम का तारीखवार विवरण देने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत करने होंगे।

पेंशन में कटौती से जुड़े मामले की हो रही सुनवाई

हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि यह मामला लोकायुक्त की नियुक्ति कराने की मांग वाली याचिका नहीं है। इसकी सुनवाई एक सेवानिवृत्त अधिकारी की पेंशन में लोकायुक्त के आदेश से की गई कटौती से संबंधित है।

अदालत ने कहा कि मामले में मूल संचिका को मुख्य सचिव के साथ बैठकर देखना और समझना जरूरी है। इसलिए उन्हें 2 दिसंबर को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पूरा नहीं किया जा सकता।

मामले की अगली सुनवाई 2 दिसंबर को होगी।

Read more

Local News