मोकामा/पटना। मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में बुधवार को हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। समारोह में शामिल होने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। भीड़ का असर अब इलाके की यातायात और संचार व्यवस्था पर भी दिखने लगा है। बाढ़ के आसपास करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई है। बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार समेत कई वीआईपी मेहमान जाम में फंस गए हैं। वहीं, मोबाइल नेटवर्क और कॉलिंग सेवाएं भी प्रभावित होने की खबर है।
दूल्हा ऋषिकेश बारात लेकर बिहटा से अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां पहुंच चुका है। शादी में मेहमानों और स्थानीय लोगों की भारी मौजूदगी के कारण समारोह स्थल और आसपास के इलाकों में भीड़ संभालना चुनौती बन गया है।
10 किलोमीटर तक वाहनों की कतार, VIP मेहमान भी परेशान
शादी समारोह में उमड़ी भीड़ के कारण नदवां और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है। बाढ़ के आसपास करीब 10 किलोमीटर तक गाड़ियों की कतार लगने की सूचना है। बारात में शामिल वाहनों को भी समारोह स्थल तक पहुंचने में परेशानी हो रही है।
विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार सहित कई वीआईपी मेहमान जाम में फंसे हुए हैं। शादी में नेताओं और मंत्रियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है, जिससे सड़कों पर वाहनों का दबाव और बढ़ गया है।
मोबाइल नेटवर्क और कॉलिंग सेवाएं भी प्रभावित
समारोह में हजारों लोगों की मौजूदगी का असर मोबाइल नेटवर्क पर भी पड़ा है। इलाके में नेटवर्क कमजोर होने और कॉलिंग सेवाओं में परेशानी की जानकारी सामने आई है। लोगों को फोन करने और बातचीत करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
समारोह स्थल पर भी भीड़ का दबाव काफी अधिक है। लोग जयमाला के मंच तक पहुंच गए। कुछ लोग नीचे बिछी दरी पर ही बैठ गए और सोते नजर आए। उन्हें लगातार वहां से हटने के लिए कहा जा रहा है।
हाथी पर सवार होकर समधी मिलन करेंगे अनंत सिंह
बेटी की शादी को यादगार बनाने के लिए अनंत सिंह की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। समधी मिलन के लिए उनके हाथी पर सवार होने की तैयारी है। इसके लिए दो हाथी मंगाए गए हैं।
शादी समारोह के लिए करीब 25 बीघे में भव्य पंडाल तैयार किया गया है। वीआईपी मेहमानों के लिए अलग पंडाल बनाया गया है। खाने-पीने के लिए 30 स्टॉल लगाए गए हैं।
अनंत सिंह के मुताबिक, समारोह में चार लाख से अधिक लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। इसके लिए 300 से ज्यादा चूल्हे लगाए गए हैं। करीब 500 हलवाई और कारीगर भोजन तथा मिठाइयां तैयार करने में जुटे हैं।
ललन सिंह और बृजभूषण शरण सिंह समेत कई नेता पहुंचे
शादी समारोह में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी शिवांगी को आशीर्वाद देने पहुंचे। जदयू से अनंत सिंह के निष्कासन के बाद दोनों की यह पहली मुलाकात बताई जा रही है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी अनंत सिंह के घर पहुंचे। बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने भी समारोह में शामिल होकर अनंत सिंह को बेटी की शादी की शुभकामनाएं दीं।
हेलीकॉप्टर से आने वाले मेहमानों की सुविधा के लिए समारोह स्थल पर तीन हेलीपैड भी बनाए गए हैं।
