Wednesday, November 25, 2026

बिहार के सरकारी स्कूलों में सख्ती: शिक्षक मोबाइल लेकर क्लास में नहीं जाएंगे, बिना अनुमति बाहर निकलने पर कार्रवाई

Share

पटना। बिहार के सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक अनुशासन और शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। नए निर्देशों के अनुसार, विद्यालय अवधि में कोई शिक्षक बिना अनुमति परिसर से बाहर पाया गया या मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते पकड़ा गया, तो संबंधित शिक्षक के साथ प्रधानाध्यापक (हेडमास्टर) पर भी अनुशासनिक कार्रवाई हो सकती है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूल में शैक्षणिक और प्रशासनिक अनुशासन बनाए रखने की व्यक्तिगत जिम्मेदारी प्रधानाध्यापक और प्रधान शिक्षक की होगी।

शिक्षक के स्कूल से बाहर जाने पर प्रधानाध्यापक को देनी होगी सूचना

विभागीय निर्देश के मुताबिक, यदि कोई शिक्षक बिना अनुमति विद्यालय परिसर से बाहर जाता है, तो प्रधानाध्यापक को इसकी तत्काल सूचना प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) को देनी होगी।

यदि निरीक्षण के दौरान कोई शिक्षक विद्यालय अवधि में परिसर से बाहर पाया जाता है, तो यह माना जाएगा कि वह प्रधानाध्यापक की सहमति से बाहर गया है। ऐसी स्थिति में संबंधित शिक्षक के साथ प्रधानाध्यापक पर भी कार्रवाई की जा सकती है।

मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर भी सख्ती

विद्यालय अवधि में शिक्षकों के मोबाइल फोन इस्तेमाल करने पर भी निगरानी रखी जाएगी। यदि कोई शिक्षक स्कूल के समय मोबाइल फोन चलाते पकड़ा जाता है, तो उसके साथ संबंधित प्रधानाध्यापक को भी जवाबदेह ठहराया जा सकता है।

इसके लिए प्रधानाध्यापकों को शिक्षकों के मोबाइल फोन विद्यालय में निर्धारित स्थान या अपने कक्ष में जमा कराने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।

अनुशासनहीनता पर प्रधानाध्यापक भी होंगे जिम्मेदार

अपर मुख्य सचिव (ACS) के निर्देश के अनुसार, विद्यालय में शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था सुचारु रखने की जिम्मेदारी प्रधानाध्यापक की होगी। किसी भी तरह की अनुशासनहीनता, लापरवाही या विभागीय निर्देशों की अनदेखी सामने आने पर प्रधानाध्यापक को भी जवाबदेह माना जाएगा।

विद्यालयों का निरीक्षण करने वाले संबंधित अधिकारियों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन कराने और अनियमितता मिलने पर आवश्यक अनुशासनिक कार्रवाई करने को कहा गया है।

नए निर्देशों के बाद प्रधानाध्यापकों की जिम्मेदारी बढ़ गई है। अब उन्हें शिक्षकों की उपस्थिति, कक्षा संचालन और मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर निगरानी रखने के साथ-साथ पूरे विद्यालय में अनुशासन बनाए रखने की जिम्मेदारी भी निभानी होगी।

Read more

Local News