रांची, 25 नवंबर 2026: ईसाई समुदाय का आगमन काल 29 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। इस अवसर पर रांची महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विसेंट आइंद ने लोगों से प्रार्थना, त्याग और सेवा के माध्यम से क्रिसमस की तैयारी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आगमन काल केवल प्रभु यीशु के जन्मोत्सव की प्रतीक्षा का समय नहीं, बल्कि आत्ममंथन और अपने जीवन में प्रेम, करुणा तथा सेवा जैसे मूल्यों को अपनाने का अवसर भी है।
महाधर्माध्यक्ष ने अपने संदेश में कहा कि इस बार आगमन काल रांची महाधर्मप्रांत के लिए खास है। महाधर्मप्रांत अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने का उत्सव मनाने की तैयारी कर रहा है। इस शताब्दी समारोह का मुख्य केंद्र परिवार होगा।
शताब्दी वर्ष पर अतीत के साथ भविष्य की जिम्मेदारियों पर जोर
विसेंट आइंद ने कहा कि महाधर्मप्रांत की सौ वर्षों की यात्रा मिशनरी समर्पण, त्याग, सेवा और ईश्वर की कृपा का प्रतीक है। इस अवसर पर विश्वासियों को बीते वर्षों के लिए आभार व्यक्त करने के साथ भविष्य में अपनी जिम्मेदारियों और मिशन को लेकर नए संकल्प भी लेने चाहिए।
उन्होंने समाज में व्याप्त गरीबी, बेरोजगारी, असमानता, हिंसा और अन्याय के बीच लोगों तक आशा का संदेश पहुंचाने की जरूरत बताई। साथ ही परिवार और समाज में प्रेम, क्षमा, आपसी मेल-मिलाप तथा सेवा की भावना मजबूत करने का आह्वान किया।
गरीबों और कमजोर वर्गों के सम्मान की रक्षा जरूरी
महाधर्माध्यक्ष ने गरीबों, मजदूरों, महिलाओं, बच्चों और समाज के कमजोर तबकों के अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि अन्याय, शोषण, भेदभाव और भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज उठाना सुसमाचार की शिक्षाओं के प्रति सच्ची निष्ठा है।
उन्होंने युवाओं की सामाजिक न्याय और समानता के लिए भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया। उनके अनुसार, समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए युवाओं को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
पवित्र परिवार से प्रेम और विश्वास की सीख लेने की अपील
विसेंट आइंद ने यीशु, मरियम और यूसुफ के पवित्र परिवार को आदर्श बताते हुए घरों में प्रार्थना, प्रेम, क्षमा और एक-दूसरे के प्रति सम्मान बढ़ाने की बात कही। उन्होंने बताया कि मरियम ने विश्वास के साथ ईश्वर की योजना को स्वीकार किया, जबकि संत यूसुफ ने कठिन परिस्थितियों में भी परिवार की जिम्मेदारी निभाई। बालक यीशु का जीवन विनम्रता, सादगी और प्रेम की प्रेरणा देता है।
सादगी से मनाएं क्रिसमस, बचत से करें जरूरतमंदों की मदद
महाधर्माध्यक्ष ने आगमन काल के दौरान विशेष प्रार्थना, पवित्र मिस्सा में सहभागिता, आत्मिक अनुशासन और त्याग को महत्व देने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्रिसमस के अवसर पर अनावश्यक खर्च से बचना चाहिए और बचाई गई राशि गरीबों तथा जरूरतमंदों की सहायता में लगानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि क्रिसमस की वास्तविक खुशी केवल उत्सव मनाने में नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में आशा और खुशियां बांटने में है।
