रांची, 24 नवंबर 2026: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET-2026) के एडमिट कार्ड में हुई कथित गड़बड़ी को लेकर अभ्यर्थियों की परेशानी बढ़ गई है। संघ का दावा है कि 20 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड में Teacher Type के तहत Language Teacher की जगह Social Studies अंकित कर दिया गया है। इसके अलावा OMR शीट में प्रश्न-पुस्तिका की सीरीज दर्ज नहीं कर पाने और ऑनलाइन आवेदन में हुई गलतियों को लेकर भी अभ्यर्थियों ने सुधार की मांग की है।
इस मामले में अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के कल्याण मंत्री चमरा लिंडा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। मंत्री ने तत्काल झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) के अध्यक्ष और सचिव को मामले से अवगत कराया। साथ ही सचिव को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
20 हजार से अधिक एडमिट कार्ड में Teacher Type की गलती
JTET अभ्यर्थी संघ के अनुसार, परीक्षा के एडमिट कार्ड में शिक्षक श्रेणी से जुड़ी बड़ी त्रुटि हुई है। जिन अभ्यर्थियों ने Language Teacher के लिए आवेदन किया था, उनके एडमिट कार्ड पर Social Studies दर्ज है।
संघ का कहना है कि इस गलती से 20 हजार से अधिक अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं। प्रतिनिधिमंडल ने JAC से आधिकारिक सूचना जारी कर गलती सुधारने की प्रक्रिया स्पष्ट करने की मांग की है, ताकि अभ्यर्थियों को आगे किसी तरह की परेशानी न हो।
OMR शीट में बुकलेट सीरीज दर्ज नहीं कर पाने की समस्या
अभ्यर्थियों ने OMR शीट से जुड़ी एक अन्य समस्या भी उठाई है। संघ के अध्यक्ष चंदन कुमार के मुताबिक, कुछ अभ्यर्थी उत्तर पुस्तिका में प्रश्न-पुस्तिका की सीरीज (S, T, U और V) अंकित नहीं कर पाए।
संघ ने मांग की है कि ऐसे अभ्यर्थियों के मूल्यांकन के लिए तकनीकी रूप से उचित और न्यायसंगत व्यवस्था बनाई जाए। इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन और एडमिट कार्ड में व्यक्तिगत विवरण तथा शिक्षक श्रेणी से जुड़ी गलतियों को भी सुधारने की मांग की गई है।
सात मंत्रियों को सौंपा गया ज्ञापन
अभ्यर्थी संघ ने अपनी मांगों को लेकर राज्य के कई मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों से संपर्क किया है। संघ के अनुसार, चमरा लिंडा, इरफान अंसारी, हफीजुल हसन और संजय यादव समेत सात मंत्रियों को ज्ञापन सौंपा गया है।
मामला कैबिनेट बैठक के दौरान भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सामने उठाया गया। मंत्री हफीजुल हसन, योगेंद्र प्रसाद महतो और दीपिका पांडेय सिंह ने अभ्यर्थियों की समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। संघ का दावा है कि मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल से जल्द मुलाकात करने का आश्वासन दिया है।
10 साल बाद हुई JTET परीक्षा में 4.85 लाख अभ्यर्थी हुए शामिल
झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 का आयोजन 1 नवंबर को राज्य के 986 परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, परीक्षा के लिए कुल 5,65,916 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जबकि 4,85,243 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
करीब 10 साल के लंबे अंतराल के बाद आयोजित इस परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में काफी उम्मीदें थीं। अब परीक्षा में सामने आई तकनीकी और मानवीय त्रुटियों को लेकर संघ ने मांग की है कि उनकी वजह से किसी भी अभ्यर्थी का नुकसान नहीं होना चाहिए।
संघ अध्यक्ष चंदन कुमार का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया में हुई गलतियों की सजा अभ्यर्थियों को नहीं मिलनी चाहिए। अब अभ्यर्थियों की नजर JAC की ओर से जारी होने वाले आधिकारिक निर्देश और सुधार प्रक्रिया पर है।
