रांची, 24 नवंबर 2026: सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व राजधानी रांची में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर पीपी कंपाउंड स्थित गुरु नानक स्कूल परिसर में धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यहां आयोजित विशाल लंगर में शहर के अलग-अलग इलाकों से पहुंचे हजारों लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में सभी धर्मों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के माध्यम से सेवा, समानता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया।
गुरु नानक स्कूल में लगा विशाल लंगर
प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरु नानक स्कूल परिसर में विशेष लंगर की व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ प्रसाद ग्रहण करने के लिए पहुंची। सेवादारों ने पूरे सेवा भाव और श्रद्धा के साथ लोगों को भोजन कराया।
लंगर की खास बात यह रही कि इसमें जाति, धर्म और सामाजिक वर्ग के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया गया। सभी लोग एक साथ बैठकर भोजन करते नजर आए। आयोजन में सेवा और समानता की भावना प्रमुख रूप से दिखाई दी।
रक्तदान शिविर में करीब 40 लोगों ने किया रक्तदान
गुरु नानक जयंती के अवसर पर रेड क्रॉस सोसायटी की ओर से रक्तदान शिविर भी लगाया गया। शिविर में करीब 40 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया और जरूरतमंद मरीजों की सहायता का संदेश दिया।
इस दौरान मेडिकल ऑफिसर हरमिंदर सिंह, टेक्नीशियन गोपाल कुमार बैठा, कोषाध्यक्ष रवि दत और नर्स उर्सला मिंज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
आयोजकों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों की मदद करने के साथ समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी था।
मेन रोड गुरुद्वारा में शाम को सजेगा विशेष दीवान
प्रकाश पर्व के अवसर पर रांची के मेन रोड गुरुद्वारा में शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक विशेष दीवान आयोजित किया जाएगा। इस दौरान गुरुवाणी कीर्तन होगा। श्रद्धालु गुरु नानक देव जी के उपदेशों का श्रवण करेंगे और मत्था टेककर आशीर्वाद लेंगे।
गुरु नानक देव जी ने दिया समानता और सेवा का संदेश
आयोजन से जुड़े लोगों ने बताया कि गुरु नानक देव जी का जन्म वर्ष 1469 में हुआ था। उन्होंने मानवता, समानता, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का संदेश दिया।
मान्यता के अनुसार, गुरु नानक देव जी ने साधु-संतों को भोजन कराकर सेवा की भावना को महत्व दिया था। इसी विचार से लंगर की परंपरा को प्रेरणा मिली। इस परंपरा में हर व्यक्ति को बिना किसी भेदभाव के भोजन कराया जाता है।
आयोजन से जुड़े लोगों के मुताबिक, रांची में भी करीब पांच दशकों से गुरु नानक जयंती पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
श्री गुरु सिंह गुरुद्वारा सभा ने किया आयोजन
कार्यक्रम का आयोजन श्री गुरु सिंह गुरुद्वारा सभा की ओर से किया गया। इसमें सभा के अध्यक्ष गुरवीत सिंह, सचिव गगनदीप सिंह सेठी, सरदार गुरदीप, सरदार ज्ञान सिंह, रूलदा सिंह और सविकी सिंह सहित कई लोग शामिल हुए।
आयोजन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, सांसद संजय सेठ और उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री भी शामिल हुए। आयोजन से जुड़े रूलदा सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व सभी धर्मों के लोगों को एकजुट होकर सेवा और भाईचारे के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है।
वहीं, 67 वर्षीय सेवादार तेजिंदर सिंह ने बताया कि रांची में गुरुद्वारा स्थापित होने के बाद से लंगर की व्यवस्था शुरू हुई। समय के साथ कृष्णा नगर कॉलोनी, कडरू, हटिया, स्टेशन और पिस्कामोड़ में भी गुरुद्वारे स्थापित हुए और सेवा की यह परंपरा आगे बढ़ती रही।
