Monday, November 23, 2026

कार्तिक पूर्णिमा पर रजरप्पा में बनारस की तर्ज पर होगी गंगा महाआरती, भजन संध्या भी

Share

रजरप्पा (रामगढ़), 23 नवंबर 2026: कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। मंदिर के समीप भैरवी नदी के तट पर बनारस की तर्ज पर भव्य गंगा महाआरती और भजन संध्या का आयोजन होगा। मां छिन्नमस्तिका सेवा समिति ने कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली हैं।

आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। समिति के अनुसार, कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

शाम 4 बजे से शुरू होगी भजन संध्या

मां छिन्नमस्तिका सेवा समिति के अध्यक्ष राजीव जायसवाल ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर पिछले कई वर्षों से भैरवी नदी के तट पर गंगा महाआरती आयोजित की जा रही है। इस बार कार्यक्रम की शुरुआत मंगलवार शाम 4 बजे भजन संध्या से होगी।

इसमें देश के जाने-माने कलाकारों के साथ झॉलीवुड के कलाकार भी भजनों की प्रस्तुति देंगे। झारखंड, पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश से आने वाली कलाकारों की टीमें आकर्षक झांकियां भी प्रस्तुत करेंगी।

शाम 5 बजे होगी गंगा महाआरती

भजन संध्या के बाद शाम 5 बजे बनारस से पहुंचे विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ गंगा महाआरती कराई जाएगी।

इस दौरान शंखनाद, घंटियों की ध्वनि और दीपों की रोशनी से भैरवी नदी का तट भक्तिमय वातावरण में सराबोर होगा। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

शाम 7 बजे से महाप्रसाद का वितरण

कार्यक्रम के अंतिम चरण में शाम 7 बजे से श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद यानी भोग का वितरण किया जाएगा।

समिति के अध्यक्ष राजीव जायसवाल, कार्यक्रम प्रभारी प्रीतम झा सहित बबलू साव, मनसू बेदिया, बबली सिंह, बिक्की महतो, ललन कुशवाहा, उत्तम कुशवाहा, सूरज वर्मा, सचिन करमाली, कृष्णा केवट, कृष्णा शर्मा, सन्नीदेओल महतो, उत्तम केवट, छोटू केवट और समिति के अन्य सदस्य आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं।


कार्यक्रम का समय

  • शाम 4 बजे: भजन संध्या और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
  • शाम 5 बजे: वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गंगा महाआरती
  • शाम 7 बजे: श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरण

Read more

Local News