Monday, November 23, 2026

मिट्टी की सेहत बचाने के लिए प्राकृतिक खेती जरूरी, कृषि सचिव ने किसानों को दी सलाह

Share

गुमला, 23 नवंबर 2026: झारखंड में कृषि भूमि और मिट्टी की उर्वरता बचाने के लिए प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देना जरूरी है। यह बात राज्य के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के सचिव अबूबकर सिद्दीकी पी. ने कही। वे सोमवार को गुमला नगर भवन में आयोजित उन्नत खेती और बागवानी विषयक दो दिवसीय कार्यशाला के उद्घाटन कार्यक्रम में बोल रहे थे।

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिला कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के उद्यान प्रभाग की ओर से आयोजित इस कार्यशाला में बड़ी संख्या में किसानों ने हिस्सा लिया।

मिट्टी के स्वास्थ्य पर ध्यान देने की जरूरत

कृषि सचिव ने कहा कि खेत बचाओ अभियान का मुख्य उद्देश्य कृषि भूमि और मिट्टी के स्वास्थ्य का संरक्षण करना है। उन्होंने बताया कि झारखंड में मिट्टी के अम्लीकरण की समस्या बढ़ रही है। इसे देखते हुए रासायनिक उर्वरकों के असंतुलित इस्तेमाल को कम करने और प्राकृतिक व जैविक खाद के उपयोग को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है।

उन्होंने किसानों से मिट्टी की प्रकृति के अनुसार उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने, जैविक संसाधनों को अपनाने और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों के जरिए खेती करने की अपील की। उनके अनुसार, स्वस्थ मिट्टी बेहतर और पौष्टिक फसल उत्पादन का आधार है।

एवोकाडो और ड्रैगन फ्रूट जैसी फसलों पर जोर

कार्यशाला में किसानों की आय बढ़ाने के लिए पारंपरिक फसलों के साथ उच्च बाजार मूल्य वाली बागवानी फसलों की खेती को बढ़ावा देने की बात कही गई।

सचिव ने बताया कि गुमला और आसपास के क्षेत्रों में सब्जियों के अलावा एवोकाडो, ड्रैगन फ्रूट, अंजीर और स्ट्रॉबेरी की खेती की संभावनाएं हैं। उन्होंने किसानों को क्लस्टर आधारित खेती अपनाने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि 200, 300 या 500 एकड़ तक के क्षेत्र में एक जैसी फसल का उत्पादन करने से बड़े खरीदारों को जोड़ने, बाजार उपलब्ध कराने और किसानों को बेहतर मूल्य दिलाने में सहूलियत हो सकती है।

कार्यक्रम में उपायुक्त दिलेश्वर महतो और उद्यान निदेशक प्रवीण केरकेट्टा ने भी अपने विचार रखे।

मशरूम उत्पादकों को दिए गए चेक

कार्यक्रम के दौरान कृषि और बागवानी गतिविधियों से जुड़े लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों और प्रोत्साहन राशि का वितरण किया गया।

मशरूम उत्पादन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पांच लाभुकों को मशरूम उत्पादन के लिए 30 हजार रुपये मूल्य के चेक प्रदान किए गए। वहीं, राष्ट्रीय बांस मिशन के तहत वन प्रबंधन समितियों से जुड़े लाभुकों को बांस की खेती और उत्पादन के लिए प्रोत्साहन राशि दी गई।

विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल

कार्यशाला स्थल पर कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य और गव्य विकास सहित विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से किसानों को संबंधित विभागों की गतिविधियों और योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।


Read more

Local News