Monday, November 23, 2026

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में 6 सप्ताह के भीतर स्थायी मेंबर सेक्रेटरी नियुक्त करें, हाईकोर्ट का सरकार को आदेश

Share

रांची: झारखंड हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में छह सप्ताह के भीतर स्थायी मेंबर सेक्रेटरी नियुक्त करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने इस पद पर पिछले कई वर्षों से स्थायी नियुक्ति नहीं होने पर नाराजगी जताई। साथ ही सरकार को आदेश के अनुपालन की रिपोर्ट अगले साल 12 जनवरी तक दाखिल करने को कहा है।

मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने सोमवार को स्थायी मेंबर सेक्रेटरी की नियुक्ति की मांग वाली जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान यह आदेश दिया।

छह साल से स्थायी नियुक्ति नहीं होने पर कोर्ट नाराज

सुनवाई के दौरान खंडपीठ ने कहा कि झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में पिछले छह वर्षों से स्थायी मेंबर सेक्रेटरी नहीं है। कोर्ट ने इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रदूषण की रोकथाम में बोर्ड की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में इसके संचालन के लिए स्थायी मेंबर सेक्रेटरी की नियुक्ति जरूरी है।

2021 से अस्थायी व्यवस्था के तहत चल रहा काम

जनहित याचिका में प्रार्थी की ओर से अदालत को बताया गया कि नियमों के अनुसार प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में मेंबर सेक्रेटरी का पद स्थायी रूप से भरा जाना चाहिए। इसके बावजूद इस पद पर नियमित नियुक्ति नहीं की गई है।

याचिका के अनुसार, वर्ष 2021 से किसी अधिकारी को अस्थायी रूप से इस पद का प्रभार देकर काम कराया जा रहा है। प्रार्थी ने अदालत से स्थायी नियुक्ति सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

12 जनवरी तक अनुपालन रिपोर्ट देने का निर्देश

हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को छह सप्ताह के भीतर स्थायी मेंबर सेक्रेटरी की नियुक्ति करने और अगले वर्ष 12 जनवरी तक अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है।

कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि आदेश का पालन नहीं हुआ, तो वन विभाग के सचिव को 21 जनवरी को अदालत में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा।

Read more

Local News