Monday, November 23, 2026

कार्तिक पूर्णिमा पर पटना में ट्रैफिक डायवर्जन, 24 नवंबर को कई रास्ते रहेंगे बंद; घर से निकलने से पहले जान लें रूट

Share

पटना | 23 नवंबर 2026

कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए पटना में 24 नवंबर को विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी, जबकि कुछ रास्तों पर रूट डायवर्ट किया जाएगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग घाटों के नजदीक पार्किंग की व्यवस्था भी की है।

सबसे बड़ा बदलाव कारगिल चौक से गायघाट तक के रास्ते पर रहेगा। इसके अलावा जेपी सेतु पर सोनपुर और छपरा की ओर से पटना आने वाले वाहनों के परिचालन पर भी रोक रहेगी।

कारगिल चौक से गायघाट तक वाहनों की आवाजाही बंद

24 नवंबर को कारगिल चौक से पूरब गायघाट तक किसी भी तरह के वाहनों का परिचालन नहीं होगा। अशोक राजपथ पर कारगिल चौक से गायघाट पुल के नीचे तक सभी एंट्री प्वाइंट बंद रहेंगे।

हालांकि, खजांची रोड से पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज परिसर तक श्रद्धालुओं के वाहनों को पार्किंग के लिए जाने की अनुमति होगी। कारगिल चौक से पश्चिम शाहपुर तक वाहनों का परिचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा।

गायघाट जाने वाले वाहन पुरानी बाईपास या न्यू बाईपास से धनुकी मोड़, शीतला माता मंदिर अथवा बिस्कोमान गोलंबर होते हुए निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंच सकेंगे।

गायघाट पुल के नीचे ऑटो और व्यावसायिक वाहनों पर प्रतिबंध

गायघाट पुल के नीचे तक ऑटो और अन्य व्यावसायिक वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।

  • अगमकुआं आरओबी से आने वाले व्यावसायिक वाहन एनएमसीएच तक जा सकेंगे।
  • धनुकी मोड़ या बिस्कोमान गोलंबर से आने वाले वाहन डंका इमली चौक तक ही जाएंगे।
  • गायघाट पुल के नीचे से चलने वाले ऑटो और व्यावसायिक वाहन अगमकुआं आरओबी के नीचे से बिस्कोमान गोलंबर, धनुकी मोड़ और पुरानी बाईपास होते हुए गांधी मैदान सहित अन्य स्थानों तक जाएंगे।

गांधी मैदान से गायघाट या अशोक राजपथ जाने वाले वाहनों को एग्जीबिशन रोड, राजेंद्रनगर पुल और बहादुरपुर गुमटी होते हुए बाईपास तथा अगमकुआं की ओर भेजा जाएगा।

यदि कोई वाहन गायघाट से अशोक राजपथ की ओर पहुंचता है तो उसे गांधी चौक से बारी पथ की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। ऐसे वाहन अशोक राजपथ से सीधे गांधी मैदान नहीं जा सकेंगे।

पटना जंक्शन और जीपीओ होते हुए बेली रोड से दानापुर या खगौल जाने वाली बसें कारगिल चौक नहीं आएंगी। उन्हें गांधी मैदान के गेट नंबर 10 के अंदर पार्क किया जाएगा।

जेपी सेतु पर भी बदलेगा ट्रैफिक रूट

जेपी सेतु पर सोनपुर या छपरा से पटना की ओर आने वाले वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। जेपी सेतु से पटना आने वाले वाहनों को गंगा पथ पर नीचे उतरने की अनुमति नहीं होगी। वे सीधे एप्रोच पथ से अशोक राजपथ जा सकेंगे।

प्रशासन ने सोनपुर, छपरा और हाजीपुर जाने वाले लोगों से महात्मा गांधी सेतु का अधिक उपयोग करने की अपील की है।

इसके अलावा भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। निर्माण कार्य से जुड़े वाहनों और बड़ी मालवाहक गाड़ियों की आवाजाही 23 नवंबर की रात 10 बजे से 24 नवंबर की सुबह 11 बजे तक बंद रहेगी।

घाटों के पास कहां होगी पार्किंग?

प्रशासन ने अलग-अलग घाटों पर जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल तय किए हैं।

घाट या स्थाननिर्धारित रास्ता और पार्किंग
रामजीचक, पाटीपुल, शिवा और मीनार घाटजेपी सेतु एप्रोच पथ से रूपसपुर नहर रोड होते हुए निर्धारित पार्किंग
कुर्जी घाटकुर्जी मोड़ से गंगा पथ अंडरपास होते हुए उत्तर की पार्किंग
गेट नंबर 93, 88 और 83गंगा पथ अंडरपास से उत्तर की पार्किंग
पहलवान घाट और बांस घाटगंगा पथ अंडरपास से निर्धारित पार्किंग स्थल
कलेक्ट्रेट और महेंद्रू घाटआयुक्त कार्यालय के सामने से गंगा पथ अंडरपास होते हुए पश्चिम पार्किंग या गांधी मैदान
पटना कॉलेजखजांची रोड से कॉलेज मैदान
साइंस कॉलेजएनी बेसेंट रोड, रमना रोड और कुनकुन सिंह लेन से कॉलेज परिसर

प्रशासन के अनुसार, घाटों पर पहुंचने वाले वाहनों को नजदीकी निर्धारित पार्किंग में लगाया जाएगा। वापसी के समय पुलिस और मजिस्ट्रेट की अनुमति के बिना वाहनों को घाट की ओर अंदर जाने नहीं दिया जाएगा।

एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों को मिलेगी छूट

यातायात प्रतिबंधों के बावजूद अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस और मरीजों को ले जाने वाले वाहनों पर कोई रोक नहीं रहेगी।

घाटों से अस्पतालों तक पहुंचने के लिए गंगा पथ, अशोक राजपथ, दीघा-एम्स पाटली पथ और रूपसपुर नहर रोड का इस्तेमाल किया जाएगा।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सड़क किनारे या अन्य प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन खड़ा न करें। सभी वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर कतारबद्ध तरीके से लगाए जाएं।

जरूरत पड़ने पर इन नंबरों पर करें संपर्क

कार्तिक पूर्णिमा के दौरान यातायात या अन्य सहायता के लिए प्रशासन ने नियंत्रण कक्ष के नंबर जारी किए हैं।

  • जिला नियंत्रण कक्ष: 0612-2219810, 0612-2219234
  • पुलिस नियंत्रण कक्ष: 9031825979
  • यातायात नियंत्रण कक्ष: 0612-2219151, 9470630615
  • पटना सिटी नियंत्रण कक्ष: 0612-2631813

कार्तिक पूर्णिमा पर घाटों की ओर जाने से पहले अपने रूट और पार्किंग स्थल की जानकारी जरूर ले लें, ताकि रास्ते में परेशानी से बचा जा सके।

Read more

Local News