पटना: बिहार के सरकारी प्राथमिक स्कूलों में अब मैथिली माध्यम से भी पढ़ाई शुरू करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप पहली से छठी कक्षा तक स्थानीय भाषा के रूप में मैथिली की पढ़ाई शुरू की जाएगी। आने वाले समय में इस पहल का और विस्तार किया जाएगा, ताकि बच्चे अपनी मातृभाषा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रह सकें।
मुख्यमंत्री ने पटना के मिलर हाई स्कूल परिसर में चेतना समिति की ओर से आयोजित दो दिवसीय 73वें विद्यापति स्मृति पर्व समारोह-2026 का शुभारंभ करने के बाद यह घोषणा की। इस मौके पर उन्होंने पटना में महाकवि विद्यापति की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने और मधुबनी जिले के बिस्फी स्थित उनकी जन्मस्थली पर बन रहे स्मारक को अगले छह महीने में पूरा करने की भी बात कही।
पटना में स्थापित होगी विद्यापति की आदमकद प्रतिमा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि महाकवि विद्यापति केवल मिथिला ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार की सांस्कृतिक चेतना और गौरव के प्रतीक हैं। उनकी साहित्यिक विरासत आने वाली पीढ़ियों को अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने की प्रेरणा देती रहेगी।
उन्होंने कहा कि बिहार ज्ञान, साहित्य, कला और संस्कृति की भूमि है। मैथिली, मगही, अंगिका और बज्जिका जैसी भाषाएं और बोलियां राज्य की सांस्कृतिक विविधता को समृद्ध बनाती हैं। मिथिला की धरती माता सीता और महाकवि विद्यापति की विरासत से जुड़ी है।
मुख्यमंत्री ने मैथिली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में स्थान मिलने को पूरे मिथिला समाज के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने मैथिली भाषा में भारतीय संविधान के प्रकाशन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार भी जताया।
नीतीश कुमार की समृद्ध बिहार की परिकल्पना का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने समृद्ध बिहार की परिकल्पना को आगे बढ़ाया। मौजूदा सरकार का लक्ष्य है कि बिहार के युवाओं को रोजगार के लिए मजबूरी में दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े।
इसके लिए राज्य में उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों, आईटी क्षेत्र और छोटे एवं मध्यम उद्यमों का विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार, बिहार में पांच सीमेंट फैक्ट्रियों की स्थापना की दिशा में काम शुरू हुआ है। मधुबनी, बांका, नवादा, किशनगंज और मुजफ्फरपुर में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बिहार की अर्थव्यवस्था लगभग 10 से 11 प्रतिशत की दर से आगे बढ़ रही है। विकसित राज्यों की बराबरी के लिए निवेश और औद्योगीकरण की गति और तेज करनी होगी। अगले पांच वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कम-से-कम 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश के लक्ष्य के साथ काम करने की जरूरत है।
कलाकारों के लिए मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना शुरू
मुख्यमंत्री ने कहा कि कला और संस्कृति के संरक्षण के साथ कलाकारों को आर्थिक सुरक्षा देना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना शुरू की है।
उन्होंने चेतना समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 1954 में स्थापित यह संस्था लगातार विद्यापति स्मृति पर्व का आयोजन कर मिथिला की साहित्यिक और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए हुए है। उन्होंने समिति से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने और मिथिला समाज को जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने महाकवि विद्यापति के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
समारोह में कई मंत्री और साहित्यकार रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, पूर्व मंत्री एवं विधायक विनोद नारायण झा, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, चेतना समिति के अध्यक्ष विवेकानन्द झा, सचिव जयदेव मिश्र और उपाध्यक्ष उमेश मिश्र मौजूद रहे। समारोह में साहित्यकारों, कलाकारों और बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों ने भी हिस्सा लिया।
