Sunday, November 22, 2026

पटना में BREATHCON 2026 का आयोजन, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार बोले- श्वसन रोगों की रोकथाम जरूरी

Share

पटना: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा है कि राज्य के हर नागरिक को समय पर, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार का संकल्प है। सरकार की कोशिश है कि बेहतर इलाज के लिए किसी भी मरीज को बिहार से बाहर जाने के लिए मजबूर न होना पड़े। इसके लिए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, पहुंच और उपलब्धता को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री रविवार को पटना में आयोजित Thoracic Society of Bihar के प्रथम वार्षिक सम्मेलन ‘BREATHCON 2026’ को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में देशभर से फेफड़ा रोग विशेषज्ञ, वरिष्ठ चिकित्सक, चिकित्सा शिक्षक और शोधकर्ता शामिल हुए।

वायु प्रदूषण और तंबाकू सेवन से बढ़ रही श्वसन रोगों की चुनौती

निशांत कुमार ने कहा कि वायु प्रदूषण, तंबाकू का सेवन और तनावपूर्ण जीवनशैली श्वसन संबंधी बीमारियों के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। इन बीमारियों से बचाव के लिए रोकथाम, समय पर पहचान और आधुनिक उपचार पद्धतियों को बढ़ावा देना जरूरी है।

उन्होंने जन-जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया। स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, श्वसन रोगों से निपटने में विशेषज्ञ चिकित्सकों का अनुभव, वैज्ञानिक शोध और चिकित्सा जगत के बीच आपसी विमर्श महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

दो दशकों में बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था का हुआ विस्तार

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पिछले दो दशकों में बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था में व्यापक बदलाव आया है। आधारभूत संरचना के विकास से लेकर मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों के विस्तार तक कई स्तरों पर काम हुआ है।

उन्होंने कहा कि अब उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, सुलभता और पहुंच को और बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की समस्याओं का समाधान भी प्राथमिकता

निशांत कुमार ने कहा कि किसी भी स्वास्थ्य व्यवस्था की सफलता केवल अस्पतालों की इमारतों, आधुनिक उपकरणों और सरकारी योजनाओं से तय नहीं होती। इसमें चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों का समर्पण, संवेदनशीलता और मरीजों के प्रति मानवीय व्यवहार भी अहम भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना और उनका उचित समाधान करना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

स्वास्थ्य मंत्री ने इस दिशा में चिकित्सा जगत के विशेषज्ञों, चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से सक्रिय सहयोग और सहभागिता की अपील की। उन्होंने भरोसा जताया कि सामूहिक प्रयासों से बिहार में बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा सकेगा।

Read more

Local News