कोडरमा: सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व में शामिल होने और ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन के लिए झारखंड से 12 सदस्यीय सिख श्रद्धालुओं का जत्था शनिवार को पाकिस्तान रवाना हुआ। कोडरमा रेलवे स्टेशन पर जत्थे की विदाई के दौरान उत्साह और श्रद्धा का माहौल रहा। श्रद्धालु 24 नवंबर को पाकिस्तान के श्री ननकाना साहिब में आयोजित प्रकाश पर्व समारोह में शामिल होंगे।
इस मौके पर कोडरमा की पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता भी स्टेशन पहुंचीं। उन्होंने श्रद्धालुओं को मिठाई खिलाकर सुखद और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी के विचार और मानवता, समानता व भाईचारे का संदेश पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
देशभर से 3,091 श्रद्धालु यात्रा में शामिल
झारखंड के यात्रा प्रभारी और झुमरीतिलैया निवासी संजू लंबा ने बताया कि इस धार्मिक यात्रा में देशभर से कुल 3,091 सिख श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। झारखंड का 12 सदस्यीय जत्था 22 नवंबर को अटारी-वाघा बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान पहुंचेगा।
10 दिवसीय यात्रा के दौरान श्रद्धालु 24 नवंबर को श्री ननकाना साहिब में गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वे पाकिस्तान स्थित कई ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन करेंगे। जत्थे की तीन दिसंबर को झारखंड वापसी निर्धारित है।
79 साल बाद खुले गुरुद्वारे में भी करेंगे दर्शन
संजू लंबा के मुताबिक, यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सिखों के छठे गुरु श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी से जुड़े उस गुरुद्वारे में भी माथा टेकने का अवसर मिलेगा, जो 79 वर्षों बाद खुला है।
इसके अलावा श्रद्धालु पंजा साहिब, करतारपुर साहिब और सच्चा सौदा सहित कई ऐतिहासिक गुरुद्वारों में दर्शन करेंगे।
झुमरीतिलैया, धनबाद और बोकारो के श्रद्धालु शामिल
पाकिस्तान जाने वाले जत्थे में झुमरीतिलैया, धनबाद और बोकारो के श्रद्धालु शामिल हैं।
झुमरीतिलैया से:
- संजू लंबा
- हरजीत सिंह सलूजा (गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के पूर्व प्रधान)
- भूपेंद्र छाबड़ा
- कवलजीत कौर
- नरेंद्र कौर
- हरमीत कौर
धनबाद से:
- गुरदीप सिंह
- भजन सिंह
- मनपित सिंह
- कुलजीत सिंह
चंद्रपुरा (बोकारो) से:
- शैलेन्द्र सिंह
- रुमा कौर
जयकारों के साथ दी गई विदाई
जत्थे को विदा करने के लिए स्टेशन पर वार्ड पार्षद विशाल सिंह के अलावा आनंद कुमार आनंद, मिलन शहबादी, सोनू मोदी, प्रमोद बर्नवाल, रवींद्र सिंह सबलोक, अरविंद सेठ, नवजीत सिंह सलूजा, सन्नी बग्गा, कौलेंद्र कौर, जगजीत कौर और गुरुसिंह कौर समेत सिख समाज के कई लोग मौजूद रहे।
सभी ने श्रद्धालुओं को मिठाई खिलाकर सुरक्षित यात्रा और सफल दर्शन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान स्टेशन परिसर ‘जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयकारों से गूंज उठा।
