झांसी। जिला में सभी राशन दुकानों पर राशन भरपूर है, फिर भी पात्र लोग दिन भर कतार में लगने को मजबूर हैं। इसका कारण सर्वर ठप रहना, बायोमीट्रिक मिलान न होना बताया जाता है। कई लोगों को राशन मयस्सर नहीं हो पा रहा है। इससे लाभार्थियों के साथ ही कोटेदार भी परेशान हैं। पड़ताल में एक राशन दुकान ऐसी भी मिली जो सुबह से बंद थी।बुधवार सुबह 11:54 पर लक्ष्मी गेट अंदर राशन वितरण कर रहे शिवम साहू ने बताया कि सुबह 9:30 बजे से नेटवर्क में दिक्कत है। इससे लोगों को समय पर राशन नहीं दे पा रहे हैं। इस वजह से लोग राशन के लिए नंबर लगाकर चले जा रहे हैं या फिर कतार में लगकर नेटवर्क आने का इंतजार कर रहे हैं। यहां मौजूद लोगों से पूछा तो उन्होंने कहा कि वह लोग सुबह से कई चक्कर लगा रहे हैं। सर्वर न आने से उन्हें समस्या का सामना करना पड़ रहा है
दोपहर 12:07 पर दतिया गेट अंदर राशन की दुकान पर कोटेदार ने बताया कि बायोमीट्रिक मशीन में अंगूठा लगाने के बाद भी पर्ची नहीं मिल रही है। लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। यहां मौजूद लाभार्थियों ने भी कहा कि मशीन से पर्ची नहीं मिलने से राशन नहीं मिल रहा है। बताया कि यह समस्या हर महीने आती है।वहीं, दोपहर 1:14 पर तालपुरा मस्जिद के पास स्थित सरकारी राशन की दुकान पर 15 से अधिक महिलाएं कतार में लगी थीं। कुछ यहां-वहां बैठकर राशन मिलने का इंतजार कर रहीं थीं। उन महिलाओं और कोटेदार का भी यही कहना था कि सुबह से सर्वर ठप रहने से वितरण बंद है।कहीं व्यवस्थित तो कहीं अव्यवस्थित रूप से हो रहा था वितरणकई दुकानों पर लाभार्थियों को चावल और गेहूं का वितरण व्यवस्थित रूप से किया जा रहा था। बाहर दतिया गेट अंदर और बाहर व्यवस्थित रूप से एक डिब्बे में गेहूं-चावल तौलकर दिया जा रहा था। वहीं, तालपुरा में गेहूं जमीन पर पड़ा था और उसमे कुछ चावल भी मिश्रित था और उस गेहूं में धूल व कंकड़ भी नजर आ रहे थे। यही हाल सीपरी बाजार के मसीहागंज इलाके की राशन की दुकान का था।बंद दुकान पर लिखा था- दवा लेने गए हैं
दोपहर 12:38 पर पानी वाली धर्मशाला स्थित सरकारी राशन वितरण दुकान बंद थी। उसके दरवाजे पर सफेद कागज पर सूचना लिखी थी कि दवा लेने गए हैं। जबकि उसके बगल से एक और सूचना लिखी थी कि सात फरवरी से राशन वितरण होगा।
घर के सारे काम छोड़कर सुबह से कतार में लगी हूं। दो बार अंगूठा मशीन पर लगा चुकी हूं फिर भी मशीन से पर्ची प्राप्त नहीं हो रही है। दोबारा से अपना नंबर आने का इंतजार कर रही हूं। – सुनीता, दतिया गेट बाहरपति की मौत चार साल पहले हो चुकी है। चार बच्चे हैं। घर में काम कर अपने परिवार का भरण पोषण करती हूं। बीते तीन महीने से राशन के लिए चक्कर काट रही हूं क्योंकि मशीन में अंगूठा नहीं लग रहा। – शाबरीन, दतिया गेट अंदरमजदूरी पर परिवार निर्भर है। रोजमर्रा का काम छोड़कर तीन दिन से लगातार राशन के लिए कतार में लग रही हूं। फिर भी राशन नहीं मिल रहा। आज भी सुबह से सर्वर ठप है। – मीना, तालपुरा
सुबह से सर्वर ठप है। ग्रुप में मैसेज भी भेजा है। जवाब मिला कि समस्या को दूर किया जा रहा है। इससे पहले इंट्रीग्रा कंपनी को ठेका दिया गया था, उसके नेटवर्क बेहतर थे। ओइसिस में हर महीने समस्या आ रही है। इस संबंध में जिलाधिकारी को भी समस्त कोटेदार ज्ञापन सौंप चुके हैं। – राजू अहिरवार, कोटेदार, तालपुरा
ये बोले अधिकारीजनपद में लगभग तीन लाख पात्र गृहस्थी कार्ड धारक हैं। सर्वर की समस्या आ रही थी पर कुछ देर बाद दूर कर दी गई थी। – सौम्या, जिलापूर्ति अधिकारी



