रांची, 19 नवंबर 2026: झारखंड हाईकोर्ट ने अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की हजारीबाग में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में राज्य सरकार से अब तक की गई कार्रवाई का ब्योरा मांगा है। सुनवाई के दौरान अदालत ने पूछा कि इस मामले में अब तक कितने लोगों की गिरफ्तारी हुई है। सरकार की ओर से बताया गया कि मामले के अनुसंधानकर्ता डीएसपी को अदालत में उपस्थित होने के लिए बुलाया गया है।
मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति रंगन मुखोपाध्याय की अदालत में हुई। कोर्ट ने अनुसंधानकर्ता को शुक्रवार को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर जांच की मौजूदा स्थिति बताने का निर्देश दिया है।
आठ सदस्यीय SIT कर रही है जांच
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने बताया कि मामले का अनुसंधान जारी है। इससे पहले की सुनवाई में सरकार की ओर से अदालत को जानकारी दी गई थी कि जांच के लिए आठ सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है। टीम को तेजी से अनुसंधान पूरा करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसका नेतृत्व हजारीबाग के सदर एसडीपीओ कर रहे हैं।
इस सुनवाई में याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता विकास कुमार ने पक्ष रखा।
मौत की परिस्थितियों पर उठाए गए सवाल
अनुष्का चक्रवर्ती की मौत को संदिग्ध बताते हुए याचिकाकर्ता की ओर से मामले की विस्तृत जांच की मांग की गई है। अदालत को बताया गया कि करीब तीन घंटे के अंतराल में मृतका का दो बार पोस्टमार्टम कराया गया था। इसके अलावा, उनके पैर जमीन को छू रहे थे और शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए थे। इन परिस्थितियों को लेकर निष्पक्ष और व्यापक जांच की जरूरत बताई गई।
पति ने अदालत में किया आत्मसमर्पण
इस मामले में अनुष्का के पति रूद्र अदालत में आत्मसमर्पण कर चुके हैं। पुलिस उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
गौरतलब है कि मृतका के भाई देवजीत चक्रवर्ती ने झारखंड हाईकोर्ट में आपराधिक रिट याचिका दाखिल की है। याचिका में अनुष्का की मौत की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध किया गया है। अब अदालत ने अनुसंधानकर्ता से सीधे जांच की प्रगति की जानकारी मांगी है।
