Thursday, November 19, 2026

SIR-2026 में लापरवाही पर देवघर प्रशासन सख्त, मधुपुर के BLO और सुपरवाइजर का वेतन रोकने का निर्देश

Share

देवघर, 18 नवंबर 2026: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के कार्य में लापरवाही को लेकर देवघर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मधुपुर में काम की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और बीएलओ सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा उनका वेतन रोकने का निर्देश दिया है।

यह कार्रवाई बुधवार को आयोजित ‘एक और अवसर कैंप’ के औचक निरीक्षण के दौरान की गई। डीसी ने अलग-अलग मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की वास्तविक स्थिति देखी।

सारठ और मधुपुर के बूथों का किया निरीक्षण

उपायुक्त ने सारठ के बूथ संख्या 48, 49 और 50 के अलावा मधुपुर के बूथ संख्या 223 से 226 तक का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ, पर्यवेक्षकों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से SIR के तहत चल रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण में उन्होंने मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन और सत्यापन की प्रगति पर ध्यान दिया। डीसी ने स्पष्ट किया कि इस काम में किसी भी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

लंबित प्रपत्रों को ऑनलाइन अपलोड करने का निर्देश

डीसी ने अधिकारियों और बीएलओ को निर्देश दिया कि लंबित प्रपत्रों को शत-प्रतिशत ऑनलाइन अपलोड किया जाए। इसके साथ ही घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करने और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जाए।

उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को सही और अद्यतन बनाना है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम सूची से छूटे नहीं और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो।

मधुपुर और सारठ में कार्यों की समीक्षा

निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने मधुपुर अनुमंडल कार्यालय और सारठ प्रखंड कार्यालय में समीक्षा बैठक की। यहां डिजिटाइजेशन और सत्यापन से जुड़े कामों की स्थिति की जानकारी ली गई।

डीसी ने संबंधित अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करने का निर्देश दिया। प्रशासन का जोर है कि SIR-2026 का काम पारदर्शी तरीके से और निर्धारित समय पर पूरा हो, ताकि मतदाता सूची में किसी तरह की त्रुटि न रहे।

Read more

Local News