Siwan News, 7 November 2026: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव शनिवार को सीवान पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दिवंगत पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के परिवार से मुलाकात की। ओसामा शहाब के आवास पर उनका स्वागत किया गया। मुलाकात के दौरान लालू प्रसाद ओसामा के बेटे के साथ बातचीत और हंसी-ठिठोली करते नजर आए। इस मौके पर ओसामा शहाब और उनकी मां हीना शहाब भी मौजूद थीं।
ओसामा शहाब के बेटे के साथ बिताया समय
मुलाकात से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है, जिसमें लालू प्रसाद सोफे पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। वहीं, ओसामा शहाब अपने बेटे को गोद में लिए नजर आ रहे हैं। लालू प्रसाद ने बच्चे से बातचीत की और उसके साथ कुछ समय बिताया।
इस दौरान हीना शहाब से भी उनकी मुलाकात हुई। मौके पर राजद के कार्यकर्ता और लालू प्रसाद के समर्थक भी मौजूद थे। मुलाकात का माहौल खुशनुमा रहा।
लालू-शहाबुद्दीन परिवार के रिश्तों को लेकर रही है चर्चा
लालू प्रसाद और शहाबुद्दीन परिवार के संबंध पहले भी राजनीतिक चर्चा का विषय रहे हैं। कोरोना काल में शहाबुद्दीन के निधन के बाद लालू परिवार का कोई सदस्य सीवान नहीं पहुंचा था। इस बात को लेकर शहाबुद्दीन के समर्थकों के बीच नाराजगी की खबरें सामने आई थीं।
वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में सीवान सीट से शहाबुद्दीन परिवार को टिकट नहीं दिए जाने और अवध बिहारी चौधरी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद भी दोनों पक्षों के रिश्तों को लेकर चर्चा हुई थी।
ऐसे में लालू प्रसाद की ओसामा शहाब और उनके परिवार से हुई मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।
कोर्ट में पेशी के लिए सीवान पहुंचे थे लालू प्रसाद
जानकारी के अनुसार, लालू प्रसाद सीवान के एसीजेएम प्रथम न्यायालय में आदर्श आचार संहिता उल्लंघन से जुड़े एक मामले में पेश होने पहुंचे थे। अदालत में आरोप गठन की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान करीब पांच मिनट तक न्यायिक कार्रवाई चली। लालू प्रसाद की ओर से उनके अधिवक्ता कामेश्वर तिवारी ने पक्ष रखा।
सीवान पहुंचने के दौरान लालू प्रसाद ने राजद के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी से भी उनके आवास पर मुलाकात की।
BHARATSUPERFASTNEWS
