Friday, November 6, 2026

खूंटी में सात लोगों की मौत के बाद 9 घंटे तक सड़क जाम, मुआवजे के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त

Share

Khunti News, 6 November 2026: खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में सात लोगों की मौत के बाद शुक्रवार को स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने कर्रा चौक और रेलवे फाटक के पास मुख्य मार्ग जाम कर दिया। करीब नौ घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और इलाके में सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की गई। प्रशासन की ओर से सहायता और मुआवजे का आश्वासन मिलने के बाद जाम समाप्त हुआ।

प्रशासन के आश्वासन के बाद खत्म हुआ जाम

सड़क जाम की सूचना मिलने पर डीएसपी विजय सिंह, सीओ अनवेंसा ओना, बीडीओ स्मिता नगेसिया, इंस्पेक्टर परशुराम पासवान, कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार और तोरपा थाना प्रभारी मनीष कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से बातचीत की।

प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता राशि देने और सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद करीब नौ घंटे से जारी जाम समाप्त हुआ और मुख्य मार्ग पर आवागमन बहाल हो सका।

अर्जुन मुंडा ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात

शुक्रवार दोपहर पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व विधायक कोचे मुंडा, भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार और आदिवासी नेता प्रकाश टूटी भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

इस दौरान अर्जुन मुंडा की ओर से पीड़ित परिवारों को 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। उन्होंने प्रभावित परिवारों को जल्द मुआवजा और बीमा राशि उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही प्रशासन से यह पता लगाने को कहा कि संबंधित सड़क पर भारी वाहनों का परिचालन किस तरह हो रहा था।

स्पीड ब्रेकर और सड़क सुरक्षा व्यवस्था की मांग

संयुक्त पड़हा के संयोजक ने घनी आबादी वाले इलाके में सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि इस मार्ग पर वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए स्पीड ब्रेकर तक नहीं हैं। भारी वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

उन्होंने कहा कि हादसे में कई परिवारों ने अपने कमाने वाले सदस्यों को खो दिया है। ऐसे में सरकार को प्रभावित परिवारों और उनके बच्चों के भरण-पोषण के लिए जिम्मेदारी उठानी चाहिए।

भारी वाहनों की नियमित जांच कराने की मांग

पड़हा राजा ने भारी वाहन चालकों की नियमित ड्रिंक एंड ड्राइव जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि शाम के समय बालू और अन्य सामान ढोने वाले भारी वाहन तेज गति से गुजरते हैं, जिससे स्थानीय लोग भयभीत रहते हैं।

ग्रामीणों ने मांग की कि सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए और भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

हादसे में चार महिलाओं और तीन बच्चों की मौत

गौरतलब है कि गुरुवार देर रात कर्रा थाना क्षेत्र के कोशांबी कॉलोनी और लुदरू मोड़ के पास एक स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। स्कूटी सवार की मदद के लिए आसपास के लोग मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रेलर ने सड़क पर मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।

इस हादसे में चार महिलाओं और तीन बच्चों समेत सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

BHARATSUPERFASTNEWS

Table of contents [hide]

Read more

Local News