रांची, 4 नवंबर 2026: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU), रांची में बुधवार को दूसरी टेली करियर काउंसलिंग आयोजित की गई। इसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भारतीय सेना में करियर बनाने के विभिन्न अवसरों और भर्ती प्रक्रियाओं की जानकारी ली। कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक चला।
रांची के अलावा जमशेदपुर, खूंटी, गुमला, बुंडू और मांडर समेत विभिन्न क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने इसमें भाग लिया।
एनसीसी अधिकारियों ने दिए विद्यार्थियों के सवालों के जवाब
काउंसलिंग में विशेषज्ञ के रूप में 19 झारखंड बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल रोहित नंदन प्रसाद और एनसीसी के एएनओ कैप्टन जीसी बास्के शामिल हुए।
विद्यार्थियों ने अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया, सीडीएस और एनडीए की तैयारी, कांस्टेबल भर्ती परीक्षा, एनसीसी सी सर्टिफिकेट के लाभ और 12वीं के बाद सेना में उपलब्ध करियर विकल्पों से जुड़े सवाल पूछे। विशेषज्ञों ने भर्ती के लिए जरूरी शैक्षणिक योग्यता, तैयारी और करियर की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
छात्राओं ने भी सेना में करियर को लेकर दिखाई रुचि
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने भी 12वीं के बाद सेना में भर्ती के अवसरों को लेकर रुचि दिखाई। डीपीएस रांची के अंकुश, डीएवी बरियातू के अक्षय और कैंब्रियन पब्लिक स्कूल की अलीशा सिंह ने भी विशेषज्ञों से सवाल पूछे।
विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें सेना में उपलब्ध अलग-अलग अवसरों और उनसे जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
प्रदेश का पहला विश्वविद्यालय, जहां शुरू हुई ऐसी पहल
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क निदेशक डॉ. राजेश कुमार सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक और करियर संबंधी हितों को ध्यान में रखते हुए DSPMU ने टेली करियर काउंसलिंग की शुरुआत की है। उनके अनुसार, इस तरह की पहल शुरू करने वाला यह प्रदेश का पहला विश्वविद्यालय है।
कार्यक्रम के आयोजन में विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग और स्नातकोत्तर इतिहास विभाग के शिक्षकों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
BHARATSUPERFASTNEWS
