Wednesday, November 4, 2026

स्टारलिंक को भारत में इंटरनेट सेवा की मंजूरी देने का विरोध, स्वदेशी जागरण मंच ने सौंपा ज्ञापन

Share

Bokaro News, 4 नवंबर 2026: एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक को भारत में सैटेलाइट इंटरनेट सेवा शुरू करने की अनुमति देने का विरोध तेज हो गया है। बुधवार को स्वदेशी जागरण मंच ने बोकारो में प्रदर्शन कर केंद्र सरकार से कंपनी को इंटरनेट सेवा संचालन का लाइसेंस नहीं देने की मांग की। इस संबंध में मंच के प्रतिनिधियों ने बोकारो उपायुक्त (डीसी) के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

प्रदर्शन के दौरान अखिल भारतीय स्वदेशी मेला प्रमुख सचिंद्र कुमार बरियार ने कहा कि स्टारलिंक को भारत में इंटरनेट सेवा संचालित करने की अनुमति देना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय हो सकता है। उन्होंने सैटेलाइट के जरिए इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराने की तकनीक से जुड़े सुरक्षा पहलुओं पर सवाल उठाए।

बरियार ने एलन मस्क की ओर से प्रधानमंत्री को लेकर की गई टिप्पणी को भी आपत्तिजनक बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को ध्यान में रखते हुए स्टारलिंक का विरोध किया जा रहा है।

डेटा ट्रांसमिशन और सुरक्षा एजेंसियों के निर्देश पर उठे सवाल

दरअसल, भारत सरकार ने स्टारलिंक से राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगा है। इनमें डेटा ट्रांसमिशन और सुरक्षा एजेंसियों के निर्देश पर इंटरनेट सेवा को नियंत्रित करने जैसे विषय शामिल हैं।

स्वदेशी जागरण मंच का कहना है कि इन सुरक्षा पहलुओं को गंभीरता से देखने की जरूरत है। मंच ने केंद्र सरकार से राष्ट्रीय सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्टारलिंक को भारत में इंटरनेट सेवा शुरू करने का लाइसेंस नहीं देने की मांग की है।

BHARATSUPERFASTNEWS

Read more

Local News