रांची | 31 अक्टूबर 2026 | Bharat Superfast News
झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा ने अपना आठवां स्थापना दिवस रांची के रेडियम रोड स्थित कार्यालय में मनाया। इस अवसर पर संगठन की गतिविधियों और समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरी हुई, जिसमें रामगढ़ जिले के भुरकुंडा निवासी महेश्वर साहु को एक बार फिर सर्वसम्मति से केंद्रीय अध्यक्ष चुना गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरदार वल्लभभाई पटेल और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
पांच सदस्यीय चुनाव समिति का हुआ गठन
केंद्रीय अध्यक्ष के चयन के लिए सबसे पहले पांच सदस्यीय चुनाव समिति बनाई गई। इसमें हाईकोर्ट के अधिवक्ता रामसेवक प्रसाद, अधिवक्ता परशुराम प्रसाद, हीरानाथ साहु, डॉ. अरविंद कुमार और उर्मिला देवी को शामिल किया गया।
चुनाव समिति ने विचार-विमर्श के बाद महेश्वर साहु का नाम अध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावित किया। इसके बाद उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से उन्हें फिर से केंद्रीय अध्यक्ष चुन लिया।
अध्यक्ष चुने जाने के बाद संगठन के सदस्यों ने महेश्वर साहु को फूल-माला पहनाकर बधाई दी।
समाज के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने की बात कही
दोबारा अध्यक्ष चुने जाने पर महेश्वर साहु ने संगठन के सदस्यों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज के लोगों ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे टूटने नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वैश्य मोर्चा जिन मांगों और मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहा है, उसे आगे भी जारी रखा जाएगा। साहु ने स्वयं को झारखंड आंदोलनकारी बताते हुए कहा कि अब वे वैश्य और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं और यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा।
11 नवंबर को जारी होगी नई केंद्रीय समिति की सूची
महेश्वर साहु ने बताया कि संगठन की केंद्रीय समिति का पुनर्गठन किया जाएगा। इसके तहत 11 नवंबर 2026 को केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों की सूची जारी की जाएगी।
नई समिति के गठन के बाद संगठन की आगामी गतिविधियों और कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने की तैयारी की जाएगी।
स्थापना दिवस समारोह में कई सदस्य रहे मौजूद
कार्यक्रम में डॉ. सबिता केशरी, प्रो. सीमा केशरी, डॉ. सुनीता केशरी, हीरानाथ साहु, बीरेन्द्र कुमार, परशुराम प्रसाद, लक्ष्मण साहु, उपेन्द्र प्रसाद, दिनेश्वर साहु, लखन अग्रवाल, चतुर साहु, कपिल प्रसाद साहु, रामाशंकर राजन, आदित्य नारायण प्रसाद, अनिल वैश्य, डॉ. अरविंद कुमार, रोहित कुमार साहु और इंदुभूषण गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
Bharat Superfast News
