Friday, October 16, 2026

दिल्ली में ‘लहरा दो तिरंगा’ यात्रा को अनुमति नहीं, 21 मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन की तैयारी.

Share

नई दिल्ली, 16 अक्टूबर 2026: राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ यात्रा को लेकर नई दिल्ली जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने यात्रा की अनुमति नहीं दी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की गई है। इसके तहत बिना अनुमति प्रदर्शन, मार्च और भीड़ जुटाने पर प्रतिबंध है।

यात्रा के मद्देनजर कनॉट प्लेस, राजीव चौक, जंतर-मंतर, संसद मार्ग और पालिका बाजार सहित लुटियंस दिल्ली के कई इलाकों में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है। अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था के लिए तीन शिफ्टों में 11 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों को लगाया गया है।

कनॉट प्लेस से जंतर-मंतर तक कड़ी सुरक्षा

सुरक्षा व्यवस्था में दिल्ली पुलिस के 6 हजार से अधिक जवानों के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की करीब 220 कंपनियां और रैपिड एक्शन फोर्स की टुकड़ियां शामिल हैं। पड़ोसी जिलों से लगभग 5 हजार अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को रिजर्व में रखा गया है।

कनॉट प्लेस और राजीव चौक के आसपास बैरिकेडिंग बढ़ाई गई है। प्रमुख स्थानों पर दंगा नियंत्रण वाहन और वज्र वाहन भी तैनात किए गए हैं। पुलिस ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए संवेदनशील इलाकों पर नजर रख रही है।

16 और 17 अक्टूबर को सेंट्रल पार्क बंद

कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को आम लोगों के लिए बंद रहेगा। पार्क के आसपास बैरिकेडिंग कर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

पुलिस ने लोगों से प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने और बिना अनुमति भीड़ जुटाने से बचने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक, नियमों के तहत सीमित संख्या में लोगों को निर्धारित स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान की अनुमति दी जा सकती है।

दोपहर 3 बजे से यातायात प्रभावित होने की आशंका

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर 3 बजे से कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित हो सकता है। करीब 21 प्रमुख मार्गों पर जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जा सकता है।

प्रभावित होने वाले संभावित मार्गों में संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, बाराखंभा रोड, केजी मार्ग, अशोक रोड, मिंटो रोड और तिलक मार्ग शामिल हैं।

इसके अलावा कनॉट प्लेस के इनर, मिडिल और आउटर सर्कल के साथ आईटीओ, मंडी हाउस, इंडिया गेट और डीडीयू मार्ग के आसपास भी वाहनों का दबाव बढ़ने की आशंका है।

लोगों को मेट्रो इस्तेमाल करने की सलाह

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बेहद जरूरी होने पर ही कनॉट प्लेस और नई दिल्ली के केंद्रीय इलाकों में जाएं। यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने और संभव होने पर मेट्रो से सफर करने की सलाह दी गई है।

पुलिस के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संबंधी प्रतिबंध हालात के अनुरूप जारी रह सकते हैं। ऐसे में घर से निकलने से पहले यातायात संबंधी ताजा जानकारी लेना उपयोगी रहेगा।

BHARATSUPERFASTNEWS

Read more

Local News