गिरिडीह, 15 अक्टूबर 2026: त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले के बिरनी, सरिया और बगोदर प्रखंडों में मिठाई दुकानों, होटलों, रेस्टोरेंट और फास्ट फूड प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, इस्तेमाल किए जा रहे तेल, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा की गई।
अभियान के दौरान कई प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, जबकि निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई कुछ मिठाइयों को नष्ट कराया गया।
बिरनी में मिठाइयों की जांच, रसगुल्ला और लड्डू नष्ट
बिरनी प्रखंड स्थित प्रज्ञा स्वीट्स से पेड़ा का नमूना प्रयोगशाला जांच के लिए लिया गया। इसी प्रतिष्ठान में तीन किलोग्राम रसगुल्ला और एक किलोग्राम लड्डू नष्ट कराए गए।
साहा स्वीट्स में दो किलोग्राम खोवा में स्टार्च मिलने पर उसे भी नष्ट कराया गया।
सरिया में कलाकंद और मिल्क केक की जांच
सरिया क्षेत्र में शंकर स्वीट्स से कलाकंद का नमूना संग्रहित किया गया। जांच के दौरान एक किलोग्राम कलाकंद में स्टार्च पाए जाने पर उसे नष्ट कराया गया।
वहीं, गोपाल स्वीट्स से 500 ग्राम मिल्क केक और नारायण स्वीट्स से 700 ग्राम बर्फी में स्टार्च मिलने पर संबंधित मिठाइयों को नष्ट कराया गया।
बगोदर में 12 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
बगोदर प्रखंड में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 12 खाद्य प्रतिष्ठानों और फास्ट फूड स्टॉलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मधेशिया स्वीट्स में निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई तीन किलोग्राम काजू बर्फी नष्ट कराई गई।
दुकानदारों को दिए गए जरूरी निर्देश
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को पनीर, खोवा, मिल्क केक और अन्य खाद्य सामग्री केवल वैध लाइसेंसधारी तथा अधिकृत आपूर्तिकर्ताओं से खरीदने का निर्देश दिया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध स्रोत से मिलावटी या मानक के अनुरूप नहीं पाई जाने वाली सामग्री मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
दुकानदारों को वैध खाद्य लाइसेंस और पंजीकरण बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को अखबार में लपेटकर नहीं बेचने तथा प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को पेयजल की गुणवत्ता की जांच, कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस और नियमित पेस्ट कंट्रोल कराने का भी निर्देश दिया गया।
त्योहारों के दौरान जारी रहेगा जांच अभियान
जिला प्रशासन की ओर से खाद्य सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही गई है। अधिकारियों के अनुसार, पर्व-त्योहारों के दौरान जांच अभियान जारी रहेगा और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
BHARATSUPERFASTNEWS
