नई दिल्ली। घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए 1 अक्टूबर 2026 से आधार बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन से जुड़ा नया नियम लागू होने जा रहा है। सब्सिडी वाले घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग के लिए बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन पूरा करना जरूरी होगा।
ऐसे में जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उनके मन में सवाल है कि 1 अक्टूबर के बाद गैस सिलेंडर मिलेगा या नहीं और सब्सिडी का क्या होगा।
1 अक्टूबर तक बायोमेट्रिक नहीं कराया तो क्या होगा?
बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन की समय सीमा निकल जाने का मतलब यह नहीं है कि LPG कनेक्शन या गैस सिलेंडर की सुविधा पूरी तरह बंद हो जाएगी।
हालांकि, बायोमेट्रिक पूरा होने तक सब्सिडी वाले रेट पर रिफिल बुकिंग प्रभावित हो सकती है। उपभोक्ता बाद में भी अपना आधार बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन पूरा करा सकता है।
कहां करा सकते हैं बायोमेट्रिक?
सरकार की ओर से उपलब्ध जानकारी के अनुसार उपभोक्ताओं को बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन के लिए कई विकल्प दिए गए हैं। इसे इन तरीकों से पूरा किया जा सकता है—
- LPG सिलेंडर की डिलीवरी के समय
- संबंधित LPG डिस्ट्रीब्यूटर के शोरूम पर
- संबंधित तेल कंपनी के मोबाइल ऐप के जरिए
इससे उन उपभोक्ताओं को सुविधा मिलेगी, जिन्होंने अभी तक प्रक्रिया पूरी नहीं की है।
कितने उपभोक्ताओं का बायोमेट्रिक पूरा?
पीआईबी की 19 सितंबर तक की जानकारी के मुताबिक, देश में 27.43 करोड़ यानी 89.9 प्रतिशत सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्ता आधार बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन पूरा कर चुके थे।
इसका मतलब है कि अभी भी कुछ उपभोक्ताओं को अपनी प्रक्रिया पूरी करनी बाकी है।
बायोमेट्रिक नहीं कराना चाहते तो क्या विकल्प है?
जो उपभोक्ता बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन नहीं कराना चाहते या किसी कारण से इसे पूरा करने में असमर्थ हैं, वे संबंधित ऑयल मार्केटिंग कंपनी के डिजिटल चैनल के जरिए अपनी पसंद दर्ज करा सकते हैं।
ऐसे मामलों में उपलब्धता के आधार पर 5 या 10 किलोग्राम का LPG सिलेंडर बाजार कीमत पर बिना सब्सिडी के लिया जा सकता है।
उपभोक्ताओं के लिए जरूरी बात
अगर आप सब्सिडी वाले घरेलू LPG सिलेंडर का लाभ लेते हैं और अभी तक आधार बायोमेट्रिक पूरा नहीं किया है, तो समय रहते प्रक्रिया पूरी कर लेना जरूरी है। 1 अक्टूबर के बाद बायोमेट्रिक की सुविधा पूरी तरह बंद नहीं होगी, लेकिन ऑथेंटिकेशन लंबित रहने के दौरान सब्सिडी वाले रिफिल की बुकिंग प्रभावित हो सकती है।
