रांची : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 की तारीख घोषित कर दी गई है। झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) की ओर से जारी सूचना के मुताबिक परीक्षा 1 नवंबर 2026 को राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी। परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी 15 अक्टूबर से JAC की आधिकारिक वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।
कक्षा 1 से 8 तक के लिए होगी परीक्षा
JTET की पहली पाली में उच्च प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 6 से 8 के लिए परीक्षा होगी। इसका आयोजन सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा।
वहीं दूसरी पाली में प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 1 से 5 के लिए परीक्षा होगी। यह परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेगी।
परीक्षा केंद्र पर दो घंटे पहले पहुंचना जरूरी
JAC ने अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने का निर्देश दिया है। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा।
पहली पाली के लिए सुबह 9 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 1:30 बजे के बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। ऐसे में परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।
एडमिट कार्ड के साथ आधार कार्ड अनिवार्य
परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड के साथ मूल आधार कार्ड भी लेकर जाना होगा। परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
परिषद ने स्पष्ट किया है कि एडमिट कार्ड डाक से नहीं भेजा जाएगा। अभ्यर्थियों को इसे JAC की वेबसाइट से ऑनलाइन डाउनलोड करना होगा।
दिव्यांग अभ्यर्थियों को मिलेगा 30 मिनट अतिरिक्त समय
दृष्टिबाधित, सेरेब्रल पाल्सी और दोनों हाथों से दिव्यांग अभ्यर्थियों को परीक्षा में 30 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। पात्र अभ्यर्थी निर्धारित नियमों के तहत श्रुति लेखक की सुविधा भी प्राप्त कर सकेंगे।
इसके लिए संबंधित अभ्यर्थियों को अपना दिव्यांगता प्रमाण पत्र और आवश्यक आवेदन परीक्षा से पहले जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में जमा करना होगा। प्रमाण पत्र के आधार पर पात्रता तय होने के बाद श्रुति लेखक की व्यवस्था की जाएगी।
महत्वपूर्ण: JTET 2026 का एडमिट कार्ड 15 अक्टूबर 2026 से JAC की आधिकारिक वेबसाइट jac.jharkhand.gov.in पर उपलब्ध होगा।
BharatSuperFastNews | रांची
