Monday, September 28, 2026

दुर्गा पूजा-छठ पर यात्रियों को राहत, 4 स्पेशल ट्रेनों के बढ़ाए गए फेरे.

Share

धनबाद: दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों के लिए राहत की घोषणा की है। यात्रियों की अतिरिक्त मांग को देखते हुए पहले से संचालित चार स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की अवधि बढ़ा दी गई है। इससे बिहार और झारखंड समेत विभिन्न इलाकों के यात्रियों को त्योहार के दौरान आवागमन में सुविधा मिलेगी।

पटना-इसलामपुर स्पेशल के 26 फेरे बढ़े

ट्रेन संख्या 03297/03298 पटना-इसलामपुर-पटना स्पेशल के परिचालन में 26 फेरे बढ़ाए गए हैं। यह ट्रेन फतुहा के रास्ते पटना और इसलामपुर के बीच चलेगी।

पटना-इसलामपुर स्पेशल 1 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और रविवार को चलेगी। वहीं, इसलामपुर-पटना स्पेशल 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और सोमवार को परिचालित होगी।

राघोपुर-देवघर स्पेशल अब 30 नवंबर तक

ट्रेन संख्या 05573/05574 राघोपुर-देवघर-राघोपुर स्पेशल के 61 अतिरिक्त फेरे किए गए हैं। यह ट्रेन सुपौल, सहरसा, सिमरी बख्तियारपुर, मानसी, खगड़िया, सबदलपुर, मुंगेर, सुलतानगंज, भागलपुर और बांका के रास्ते चलेगी।

रेलवे के अनुसार यह स्पेशल ट्रेन 1 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन राघोपुर और देवघर के बीच चलेगी।

पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल के 32 फेरे बढ़े

ट्रेन संख्या 03216/03215 पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र स्पेशल के परिचालन में 32 फेरे बढ़ाए गए हैं। यह ट्रेन हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, खगड़िया, मानसी, सहरसा, दौरम मधेपुरा और बनमनखी के रास्ते चलेगी।

03216 पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल 18 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक बुधवार और शनिवार को छोड़कर सप्ताह में पांच दिन चलेगी। वापसी में 03215 पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र स्पेशल 19 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक गुरुवार और रविवार को छोड़कर पांच दिन परिचालित होगी।

रक्सौल-नरकटियागंज स्पेशल के 18 अतिरिक्त फेरे

ट्रेन संख्या 05543/05544 रक्सौल-नरकटियागंज-रक्सौल स्पेशल के परिचालन में भी 18 फेरे बढ़ाए गए हैं। सिकटा के रास्ते चलने वाली यह ट्रेन 1 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार और शनिवार को रक्सौल और नरकटियागंज के बीच चलेगी।

त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इन स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ाए जाने से घर लौटने वाले यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध होंगे।

Read more

Local News