लातेहार: जिले में सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। मार्च से अगस्त 2026 के बीच लातेहार में 84 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 68 लोगों की मौत दर्ज की गई। सोमवार को उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल ने यह जानकारी दी।
सड़क हादसों में कमी लाने पर जोर
दुर्घटनाओं के आंकड़े सामने आने के बाद उपायुक्त ने संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने दुर्घटनाओं को कम करने के लिए जरूरी कदमों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।
अवैध पार्किंग पर होगी ई-चालान की कार्रवाई
बैठक में नगर पंचायत को सड़क किनारे अवैध पार्किंग और बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इसके लिए जिला परिवहन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर ई-चालान काटने को कहा गया है।
घुमावदार सड़कों पर लगेंगे कॉन्वेक्स मिरर
उपायुक्त ने अत्यधिक घुमावदार सड़कों पर सड़क सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने का निर्देश दिया। ऐसे स्थानों पर वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहनों की जानकारी मिल सके, इसके लिए कॉन्वेक्स मिरर लगाने को कहा गया है।
हाट-बाजारों में चलेगा जागरूकता अभियान
सड़क सुरक्षा के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के लिए साप्ताहिक हाट और बाजारों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन का जोर लोगों को यातायात नियमों और सुरक्षित सड़क व्यवहार के प्रति जागरूक करने पर है।
बैठक में कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रवेश अग्रवाल, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, लातेहार एसडीओ दिनेश कुमार, सिविल सर्जन डॉ. राजमोहन खलखो, जिला खनन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता, NHAI के PIU, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी और उत्पाद अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी शामिल हुए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न अंचलों के अंचल अधिकारी भी बैठक से जुड़े।
