Monday, September 28, 2026

धनबाद में हाईवे पर अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान, 52 वाहनों पर कार्रवाई; 4 लाख जुर्माना वसूला.

Share

धनबाद: जिले में नेशनल हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए प्रशासन ने अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को डीसी आदित्य रंजन के निर्देश पर नेशनल हाईवे टास्क फोर्स की टीम ने विभिन्न स्थानों पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे अनधिकृत तरीके से खड़े 52 वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई और कुल 4 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया।

हाईवे के संवेदनशील हिस्सों में हुई जांच

अभियान के दौरान हाईवे के अलग-अलग संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया गया। टीम ने सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों समेत अन्य वाहनों की जांच की। यातायात में बाधा पैदा करने वाले वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

कई विभागों की टीम रही शामिल

जांच अभियान में परिवहन विभाग के मोटरयान निरीक्षक, जिला सड़क सुरक्षा टीम, पुलिस अधिकारी और जवानों के साथ भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की रूट पेट्रोलिंग व्हीकल टीम भी शामिल रही।

संयुक्त टीम ने हाईवे पर यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए ऐसे स्थानों को चिन्हित किया, जहां वाहनों की अनधिकृत पार्किंग से आवागमन प्रभावित हो सकता है।

वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों को चेतावनी

प्रशासन ने वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों से हाईवे के किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क पर अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

जिला प्रशासन के अनुसार नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों और चालकों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य हाईवे पर यातायात को बाधामुक्त और व्यवस्थित बनाए रखना है।

Read more

Local News