रामगढ़ में होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया को लेकर उपायुक्त ऋतुराज ने शनिवार को अधिकारियों और भर्ती समिति के सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक में भर्ती की अब तक हुई कार्रवाई की समीक्षा की गई। अधिकारियों को आगे की प्रक्रिया तय समय के भीतर और पारदर्शी तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
सभी आवेदनों की स्क्रूटनी पूरी
बैठक में होमगार्ड कमांडेंट नीलिमा सोरे ने बताया कि भर्ती के लिए प्राप्त सभी आवेदन पत्रों की स्क्रूटनी पूरी कर ली गई है। इसके बाद उपायुक्त ने जिन अभ्यर्थियों के आवेदन निरस्त किए गए हैं, उनकी सूची सार्वजनिक करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि रद्द किए गए आवेदनों के साथ उसके कारण भी स्पष्ट रूप से बताए जाएं, ताकि अभ्यर्थियों को पूरी जानकारी मिल सके और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी पर जोर
उपायुक्त ने अधिकारियों को भर्ती समिति के साथ समन्वय बनाकर शारीरिक दक्षता परीक्षा की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा। परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने अभ्यर्थियों की सुविधा के साथ सुरक्षा, अनुशासन और भर्ती नियमों के पालन को भी प्राथमिकता देने को कहा। परीक्षा के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पहले से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
सिद्धू-कान्हू मैदान का किया निरीक्षण
बैठक समाप्त होने के बाद उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों के साथ सिद्धू-कान्हू मैदान का निरीक्षण किया। शारीरिक दक्षता परीक्षा में प्रस्तावित विभिन्न इवेंट्स को ध्यान में रखते हुए मैदान की मौजूदा सुविधाओं और जरूरी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को प्रत्येक इवेंट के अनुसार अलग-अलग तैयारियों की विस्तृत योजना बनाने और परीक्षा के सफल संचालन के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था समय पर पूरी करने को कहा।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की, गोपनीय प्रभारी रविन्द्र कुमार गुप्ता, पुलिस उपाधीक्षक आलोक रंजन, एसडीपीओ पतरातू राघवेंद्र शर्मा, डीआईओ मनीष समेत अन्य अधिकारी और भर्ती समिति से जुड़े सदस्य मौजूद रहे।
