रांची: अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के युवा प्रकोष्ठ में संगठनात्मक विस्तार के तहत दो नई नियुक्तियां की गई हैं। राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष हिमांशु श्रीवास्तव ने मनीष कुमार सिन्हा को युवा प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और सजल सहाय को झारखंड युवा प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया है।
संगठन की ओर से बताया गया कि दोनों नियुक्तियां सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय के तहत की गई हैं। इनका उद्देश्य युवा इकाई को मजबूत करना और संगठनात्मक गतिविधियों का विस्तार करना है।
मनीष कुमार सिन्हा को राष्ट्रीय जिम्मेदारी
मनीष कुमार सिन्हा को अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (युवा प्रकोष्ठ) की जिम्मेदारी दी गई है।
यह मनोनयन अगले आदेश, नए मनोनयन या चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावी रहेगा। संगठन की ओर से उम्मीद जताई गई है कि मनीष सिन्हा संशोधित संविधान के प्रावधानों के तहत अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।
सजल सहाय को झारखंड युवा प्रकोष्ठ की कमान
वहीं, सजल सहाय को झारखंड युवा प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति राष्ट्रीय नेतृत्व की सहमति और अखिल भारतीय कायस्थ महासभा झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष सी. बी. सहाय की संस्तुति के आधार पर की गई है।
सजल सहाय को राज्य में युवा इकाइयों के गठन और विस्तार के साथ संगठन को स्थानीय स्तर पर मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है।
संगठन के विस्तार पर रहेगा जोर
राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष हिमांशु श्रीवास्तव ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी। संगठन की ओर से उनसे सक्रिय भूमिका निभाने और महासभा की गतिविधियों को आगे बढ़ाने की अपेक्षा जताई गई है।
महासभा के अनुसार, युवा प्रकोष्ठ के जरिए संगठनात्मक गतिविधियों के साथ समाजहित से जुड़े कार्यों को भी आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा। दोनों नियुक्तियों के बाद संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं और कायस्थ समाज के लोगों में खुशी की बात कही गई है।
