Friday, September 18, 2026

फेडरेशन चुनाव में जीत के बाद लातेहार पहुंचे अमित किशोर अग्रवाल, चैंबर पदाधिकारियों ने किया स्वागत.

Share

लातेहार : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के चुनाव में सदस्य निर्वाचित होने के बाद अमित किशोर अग्रवाल 17 सितंबर की शाम अपने पैतृक शहर लातेहार पहुंचे। उनके पहुंचने पर अमवाटीकर मोड़ स्थित श्रीराम वाटिका में लातेहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्हें माला पहनाने के साथ बुके भी भेंट किया गया।

चैंबर के उपाध्यक्ष गजेंद्र प्रसाद शौंडिक ने अमित किशोर अग्रवाल के निर्वाचन को पूरे पलामू प्रमंडल के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि अग्रवाल पूरे प्रमंडल से झारखंड चैंबर के एकमात्र प्रतिनिधि हैं। ऐसे में क्षेत्र के व्यापारियों और उद्यमियों को उनसे काफी उम्मीदें हैं।

गजेंद्र प्रसाद शौंडिक ने कहा कि अमित किशोर अग्रवाल युवा हैं और व्यवसाय जगत से जुड़ी समस्याओं से अच्छी तरह परिचित हैं। उनसे उम्मीद है कि वे पलामू प्रमंडल के कारोबारियों से जुड़े मुद्दों को उचित मंच तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

स्वागत समारोह के दौरान अमित किशोर अग्रवाल ने कहा कि वे प्रमंडल के व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं को संबंधित मंच तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि व्यवसायियों ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी दी है, उस भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में लातेहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव रामनाथ अग्रवाल के अलावा बजरंगी प्रसाद अग्रवाल, श्याम किशोर अग्रवाल, प्रवक्ता निर्दोष प्रसाद गुप्ता, मुरली प्रसाद अग्रवाल, विनोद कुमार मल्लान, अनूप कुमार, प्रवीण प्रसाद, जया कुमारी और कंचन कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Read more

Local News