Thursday, September 17, 2026

झारखंड में 5 दिन बदला रहेगा मौसम, बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट.

Share

रांची: झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 17 सितंबर से अगले पांच दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज के साथ वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

कई जिलों में आज विशेष सतर्कता

17 सितंबर को दक्षिणी, मध्य, उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी झारखंड के कई हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना है। रांची, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी और रामगढ़ समेत कई जिलों में वज्रपात और तेज हवा को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

इसके अलावा लोहरदगा, धनबाद, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

18 से 20 सितंबर तक भी बारिश के आसार

पूर्वानुमान के अनुसार 18 से 20 सितंबर के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश और वज्रपात की स्थिति बनी रह सकती है। इसके बाद 21 और 22 सितंबर को भी कई जगह हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि इन दोनों दिनों के लिए किसी विशेष चेतावनी की जानकारी नहीं दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों के दौरान राज्य के तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

रांची में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रांची में 17 सितंबर को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

18 से 20 सितंबर के बीच भी रांची का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव का क्षेत्र

मौसम में बदलाव के पीछे बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया मौसमी सिस्टम भी अहम हो सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक 19 सितंबर की शाम तक उत्तर अंडमान सागर के आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में झारखंड और आसपास के क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

झारखंड में अब तक 876.1 मिमी बारिश

इस मानसून सीजन में 1 जून से अब तक झारखंड में 876.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। सामान्य अवधि में राज्य में 927.9 मिलीमीटर बारिश होती है। इस लिहाज से अब तक करीब 6 प्रतिशत बारिश कम हुई है।

पश्चिमी सिंहभूम में सबसे ज्यादा बारिश

जिलावार आंकड़ों में पश्चिमी सिंहभूम में सबसे अधिक 1318 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इसके बाद रांची में 1066.2 मिलीमीटर, लातेहार में 1048.4 मिलीमीटर और सरायकेला-खरसावां में 1037.7 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है।

वहीं पाकुड़ में सबसे कम 539 मिलीमीटर बारिश हुई है। चतरा में 549 मिलीमीटर, देवघर में 593 मिलीमीटर और साहिबगंज में 758.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में बारिश होने से राज्य में सामान्य से कम बारिश के अंतर में कुछ कमी आने की संभावना है।

Read more

Local News