Thursday, September 17, 2026

झारखंड के 5 मेडिकल कॉलेजों में Associate Professor की भर्ती, 21 सितंबर को RIMS में Walk-in Interview.

Share

रांची: झारखंड के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए Associate Professor के 65 पदों पर संविदा नियुक्ति की जाएगी। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने इन पदों के लिए विज्ञापन जारी किया है। इच्छुक और योग्य डॉक्टर 21 सितंबर 2026 को रांची स्थित RIMS में आयोजित Walk-in Interview में शामिल हो सकते हैं।

कुल 65 पदों में 53 नियमित रिक्तियां और 12 बैकलॉग पद शामिल हैं। नियुक्ति संविदा के आधार पर होगी।

इन पांच मेडिकल कॉलेजों में होगी नियुक्ति

Associate Professor के पदों पर भर्ती राज्य के पांच सरकारी मेडिकल कॉलेजों में की जाएगी—

  • SNMMCH, धनबाद
  • MGM मेडिकल कॉलेज, जमशेदपुर
  • फूलो झानो मेडिकल कॉलेज, दुमका
  • मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज, पलामू
  • शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज, हजारीबाग

53 सामान्य रिक्तियों में 35 पद सामान्य वर्ग, 9 ST, 4 SC, 4 पिछड़ा वर्ग और 1 EWS श्रेणी के लिए निर्धारित हैं। वहीं 12 बैकलॉग पदों में ST के 3, SC के 4, पिछड़ा-I के 4 और पिछड़ा-II का 1 पद शामिल है।

मेडिसिन में सबसे ज्यादा पद

सामान्य रिक्तियों में मेडिसिन विभाग में सबसे अधिक 9 पद हैं। इसके अलावा रेडियोलॉजी में 6, रेडियोथेरेपी में 5 तथा एनाटॉमी, ऑप्थल्मोलॉजी और एनेस्थीसिया में 4-4 पद निर्धारित हैं।

पैथोलॉजी, सर्जरी और डर्मेटोलॉजी में 3-3 पद हैं। फिजियोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, ENT और फिजिकल मेडिसिन एंड रिहैबिलिटेशन में 2-2 पद हैं। बायोकैमिस्ट्री, पीडियाट्रिक्स, ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी तथा TB & Chest विभाग में एक-एक पद है।

बैकलॉग रिक्तियों में माइक्रोबायोलॉजी और फार्माकोलॉजी में 1-1, कम्युनिटी मेडिसिन में 2, ऑप्थल्मोलॉजी में 1, एनेस्थीसिया में 3, साइकेट्री में 2 और डेंटिस्ट्री में 2 पद शामिल हैं।

हर महीने मिलेगा 2 लाख रुपये का मानदेय

चयनित Associate Professor को 2 लाख रुपये प्रतिमाह फिक्स्ड मानदेय दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त अलग से कोई भत्ता या अन्य सुविधा देय नहीं होगी। संविदा नियुक्ति अधिकतम दो वर्षों के लिए होगी।

नियमित नियुक्ति या प्रमोशन होने की स्थिति में संविदा अवधि इससे पहले भी समाप्त की जा सकती है। संतोषजनक कार्य और वित्त विभाग की स्वीकृति के आधार पर सेवा अवधि को एक-एक वर्ष के लिए आगे बढ़ाने का प्रावधान है।

70 वर्ष तक के डॉक्टर पात्र

इन पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 70 वर्ष निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों के पास MCI/NMC के निर्धारित नियमों के अनुसार संबंधित शैक्षणिक योग्यता और आवश्यक अनुभव होना चाहिए। चयन Walk-in Interview और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा।

21 सितंबर को RIMS में इंटरव्यू

Walk-in Interview 21 सितंबर 2026 को सुबह 10:30 बजे RIMS रांची के प्रशासनिक भवन में आयोजित होगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन फॉर्म के साथ उपस्थित होना होगा।

उम्मीदवारों को अपने मूल प्रमाणपत्रों के अलावा शैक्षणिक और अनुभव प्रमाणपत्रों की स्व-सत्यापित प्रतियां, जाति प्रमाणपत्र और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लानी होगी। विभाग के अनुसार, आवश्यकता के आधार पर रिक्त पदों की संख्या में बदलाव किया जा सकता है।

Read more

Local News