रांची : भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने सोमवार को रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद अर्जुन सिंह ने किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपना कार्यभार संभाला।
गांव और बूथ तक संगठन विस्तार प्राथमिकता
प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने अर्जुन सिंह को बधाई देते हुए कहा कि किसानों की मजबूती देश की आर्थिक और सामाजिक मजबूती से जुड़ी है। उन्होंने संगठन को गांव और पंचायत स्तर तक सक्रिय करने तथा किसानों की समस्याओं को लेकर आंदोलन खड़ा करने की जरूरत बताई।
सहाय ने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की किसान केंद्रित योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने वर्ष 2029 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक गतिविधियां तेज करने पर भी जोर दिया।
किसानों के मुद्दों पर आंदोलन का ऐलान
पदभार ग्रहण करने के बाद अर्जुन सिंह ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि किसानों के हित और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने किसान मोर्चा को प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत करने की बात कही।
अर्जुन सिंह ने कहा कि किसान को किसी जाति के दायरे में नहीं बांधा जा सकता और किसानों से जुड़े सवाल व्यापक सामाजिक सरोकार का विषय हैं। उन्होंने राज्य सरकार पर चुनाव के दौरान किसानों से किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया।
उन्होंने यूरिया की उपलब्धता और धान की कीमत समेत किसानों से जुड़े कई मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन विषयों को लेकर किसान मोर्चा आगे आंदोलन को तेज करेगा।
नेताओं ने दी नई प्रदेश अध्यक्ष को शुभकामनाएं
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने विश्वास जताया कि अर्जुन सिंह के नेतृत्व में किसान मोर्चा को नई मजबूती मिलेगी। अमर कुमार बाउरी ने किसान मोर्चा को पार्टी का महत्वपूर्ण संगठन बताते हुए किसानों की समस्याओं को मजबूती से उठाने की बात कही।
प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने भी अर्जुन सिंह को सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। वहीं निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष पवन साहू ने कहा कि किसान मोर्चा मजबूत होने से पार्टी का संगठनात्मक आधार भी और मजबूत होगा।
