गुमला: भाजपा की ओर से गुमला जिले में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत 17 सितंबर से की जाएगी। यह अभियान 18 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान पार्टी की ओर से अलग-अलग विषयों पर कुल 14 प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान की जानकारी भाजपा जिला कार्यालय, डुमरडीह में आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई।
जिला अध्यक्ष सागर उरांव की अध्यक्षता में हुई प्रेस वार्ता में बताया गया कि अभियान के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा से जुड़े कार्यों को लोगों तक पहुंचाने के साथ विभिन्न सेवा गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
पीएम मोदी के जन्मदिन पर होगा ‘आशीर्वाद का दीया’
17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भाजपा के अनुसार, प्रधानमंत्री के लंबे सार्वजनिक जीवन से लाभ लेने वाले लोगों से उनके नाम पर एक दीप जलाने की अपील की जाएगी।
इस कार्यक्रम के लिए ‘जिसने गरीबों का जीवन संवारा, उसे आशीर्वाद हमारा’ संदेश तय किया गया है।
जिला और मंडल स्तर पर बनीं टीमें
अभियान के जिला संयोजक संदीप प्रसाद ने बताया कि कार्यक्रमों को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए जिला से लेकर मंडल स्तर तक कार्यकर्ताओं की अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। सभी कार्यकर्ताओं को कार्यक्रमों के अनुसार जिम्मेदारियां भी दी गई हैं।
इन कार्यक्रमों का होगा आयोजन
सेवा संकल्प अभियान के दौरान विभिन्न विषयों और गतिविधियों से जुड़े 14 कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इनमें चित्र सेवा, सेवा स्मरण, आंगन मिलन सेवा, कहानी बदलाव की, सेवा ज्योति यात्रा, वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग, हैकाथॉन एवं इनोवेशन चैलेंज, जनसेवक महाकुंभ, 25 साल-25 कहानियां, नेशनल अनबॉक्सिंग और विकसित भारत संकल्प यात्रा शामिल हैं।
भाजपा नेताओं के मुताबिक, इन कार्यक्रमों के जरिए सेवा, जनसरोकार और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े मुद्दों को आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए संगठन के जिला और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया गया है।
