ChatGPT के डेस्कटॉप ऐप में एक नया Pets फीचर जोड़ा गया है। इसके तहत कंप्यूटर स्क्रीन पर छोटे वर्चुअल साथी दिखाई देते हैं, जो दूसरे ऐप्स इस्तेमाल करते समय भी ChatGPT की गतिविधियों और चैट की स्थिति की जानकारी देते रहते हैं। खास बात यह है कि इन Pets की मदद से यूजर्स बिना पूरा ChatGPT विंडो खोले नई चैट शुरू कर सकते हैं।
स्क्रीन पर नजर आएंगे फ्लोटिंग Pets
Pets कंप्यूटर स्क्रीन पर छोटे फ्लोटिंग कैरेक्टर की तरह दिखाई देते हैं और अन्य विंडोज के ऊपर रह सकते हैं। जब ChatGPT किसी काम को प्रोसेस कर रहा होता है, तब ये कैरेक्टर उसकी स्थिति बताने में मदद करते हैं।
Pets के नीचे दिए गए छोटे इनपुट बॉक्स के जरिए यूजर टेक्स्ट टाइप करके या आवाज के माध्यम से नई चैट शुरू कर सकता है। यानी किसी दूसरे ऐप में काम करते हुए भी ChatGPT से बातचीत करने के लिए पूरा डेस्कटॉप इंटरफेस खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
यह सुविधा उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकती है, जो काम के दौरान बार-बार ऐप बदलने से बचना चाहते हैं। उदाहरण के तौर पर यूजर किसी काम की योजना बनाने, दिन के जरूरी काम व्यवस्थित करने या किसी जानकारी के लिए ChatGPT से तुरंत मदद ले सकता है।
Pet पसंद नहीं तो Mini मोड चुनें
अगर किसी यूजर को स्क्रीन पर कैरेक्टर रखना पसंद नहीं है, तो उसके लिए Mini विकल्प मौजूद है। इसमें Pet कैरेक्टर की जगह केवल एक छोटा कंट्रोल पैनल दिखाई देता है। इससे स्क्रीन पर कम जगह घिरती है, जबकि चैट शुरू करने और अपडेट देखने जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहती हैं।
यूजर अपनी पसंद के मुताबिक Settings में जाकर Pet या Mini का चयन कर सकता है। ऐप में कुछ Built-in Pets भी दिए गए हैं और यूजर चाहें तो अपना कस्टम Pet भी तैयार कर सकते हैं।
ChatGPT Pets फीचर कैसे इस्तेमाल करें?
इसे शुरू करने के लिए इन स्टेप्स को फॉलो करें:
- सबसे पहले ChatGPT का डेस्कटॉप ऐप खोलें।
- Settings में जाएं और Pets सेक्शन खोलें।
- यहां Pet या Mini में से अपनी पसंद का विकल्प चुनें।
- इसके बाद
/petकमांड का इस्तेमाल करें या Command Menu से इसे स्क्रीन पर लाएं।
Pet को जल्दी दिखाने या छिपाने के लिए शॉर्टकट भी दिए गए हैं। macOS पर Option + Space और Windows पर Windows + Alt + P का इस्तेमाल किया जा सकता है। Pet को हटाने के लिए उसी कमांड या शॉर्टकट का दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है।
यह फीचर macOS और Windows दोनों पर उपलब्ध है। इससे दूसरे काम करते समय ChatGPT तक पहुंचना ज्यादा आसान हो सकता है, क्योंकि यूजर को हर बार पूरा ऐप खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
