Muzaffarpur News: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नीतीश कुमार का पूर्व में रेलवे मंत्रालय का अनुभव काफी अहम रहा है और उनके योगदान से बिहार में रेलवे के कई बड़े प्रोजेक्ट सफलतापूर्वक चल रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर…।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव रविवार देर शाम मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंचे। स्टेशन पर उतरते ही उन्होंने ‘भारत माता की जय’ का उद्घोष किया, जिससे माहौल देशभक्ति से भर गया। इस दौरान उन्होंने मुजफ्फरपुर जंक्शन के वर्ल्ड क्लास स्टेशन मॉडल का निरीक्षण किया और चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उनके स्वागत के लिए बेतिया सांसद डॉ. संजय जायसवाल, कई वरिष्ठ बीजेपी नेता और भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
रेलवे को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का हो रहा प्रयास’
रेल मंत्री ने इस दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सहयोग से बिहार में रेलवे को अभूतपूर्व गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की बिहार के प्रति गहरी चिंता और नीतीश कुमार के प्रशासनिक अनुभव का लाभ राज्य को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का पूर्व में रेलवे मंत्रालय का अनुभव काफी अहम रहा है और उनके योगदान से बिहार में रेलवे के कई बड़े प्रोजेक्ट सफलतापूर्वक चल रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का अनुभव एक साथ आता है, तो विकास की रफ्तार कई गुना बढ़ जाती है
रेल मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के लिए 10,000 करोड़ रुपये का विशेष रेलवे बजट दिया है, जो इस बात को दर्शाता है कि केंद्र सरकार बिहार के विकास के लिए कितनी गंभीर है। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले 10 वर्षों में रेलवे के बजट में नौ गुना वृद्धि हुई है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि बिहार में रेलवे से जुड़ी परियोजनाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।



