धनबाद: जिले में आपराधिक मामलों के अनुसंधान और लंबित कांडों के निष्पादन को लेकर पुलिस ने अगस्त महीने में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग थानों में 406 नए आपराधिक मामले दर्ज हुए, जबकि पुलिस ने 450 मामलों का निष्पादन किया। नए मामलों से अधिक पुराने कांडों के निपटारे के चलते लंबित मामलों की संख्या घटकर करीब 1700 रह गई है।
अपराध नियंत्रण की स्थिति की हुई समीक्षा
गुरुवार को आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने अगस्त में जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध की स्थिति की समीक्षा की। पुलिस के अनुसार, इस महीने कोई बड़ी आपराधिक घटना या संगठित अपराध की वारदात सामने नहीं आई।
एसएसपी ने अपराध पर नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी, नियमित पेट्रोलिंग और आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों को जारी रखने का निर्देश दिया। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा गया।
दो महीने में लंबित कांड 1500 से कम करने का लक्ष्य
बैठक में लंबित मामलों को जल्द निपटाने पर भी जोर दिया गया। एसएसपी ने अधिकारियों को अगले दो महीनों के भीतर लंबित कांडों की संख्या 1500 से नीचे लाने का लक्ष्य दिया है। इसके लिए पुराने मामलों की जांच में तेजी लाने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
करीब 400 वारंट का हुआ निष्पादन
अगस्त के दौरान न्यायालय से जारी करीब 400 लंबित वारंट का पुलिस ने निष्पादन किया। एसएसपी ने दागी व्यक्तियों का दोबारा सत्यापन कराने के साथ फरार और वारंटी आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान तेज करने को कहा।
पुलिस अधिकारियों को अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया।
ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों से वसूला 69 लाख का चालान
यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अगस्त में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के मामलों में करीब 69 लाख रुपये का चालान वसूला गया। एसएसपी ने यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रखने को कहा।
चोरी और बाइक चोरी के मामलों पर फोकस
बैठक में चोरी, घर में सेंधमारी और बाइक चोरी से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। थाना प्रभारियों को लंबित अनुसंधान को जल्द पूरा करने, आरोपियों की गिरफ्तारी करने और चोरी की संपत्ति बरामद करने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा पुलिस गश्त बढ़ाने और थाना क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
पुराने मामलों का निपटारा भी पुलिस की प्राथमिकता
एसएसपी प्रभात कुमार ने अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के साथ लंबित कांडों के निष्पादन पर लगातार काम करने को कहा। पुलिस का फोकस आने वाले दिनों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और पुराने मामलों के जल्द निपटारे पर रहेगा।
