नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात और महाराष्ट्र के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह दोनों राज्यों में कई बड़ी बुनियादी ढांचा और विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। वडोदरा में प्रधानमंत्री करीब 35,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे, जबकि शाम को मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का उद्घाटन करेंगे।
WDFC के तीन अहम सेक्शन होंगे राष्ट्र को समर्पित
प्रधानमंत्री वडोदरा कार्यक्रम के दौरान वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC) के तीन महत्वपूर्ण हिस्सों को देश को समर्पित करेंगे। इनकी कुल लंबाई करीब 326 रूट किलोमीटर है और इन पर 20,700 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं।
इनमें न्यू सानंद (नॉर्थ)-न्यू मकरपुरा, न्यू उमरगांव-न्यू सफले और न्यू सफले-न्यू जेएनपीटी सेक्शन शामिल हैं।
इन रेलखंडों के शुरू होने से जवाहरलाल नेहरू पोर्ट अथॉरिटी (JNPA) के साथ सीधी कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे निर्यात-आयात से जुड़े माल की आवाजाही तेज होने, बंदरगाहों और औद्योगिक क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होने तथा लॉजिस्टिक्स लागत घटने की उम्मीद है। इसके अलावा मुंबई के मौजूदा रेल नेटवर्क पर दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।
इन तीन सेक्शन के चालू होने के साथ डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर नेटवर्क अपनी पूरी निर्धारित लंबाई में परिचालन के लिए उपलब्ध हो जाएगा।
मालगाड़ी और नई पैसेंजर ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी
प्रधानमंत्री न्यू सानंद (नॉर्थ), न्यू मकरपुरा, न्यू उमरगांव और न्यू जेएनपीटी से मुंबई के लिए मालगाड़ी सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे।
इसके साथ ही टांडा रोड-वडोदरा (प्रतापनगर) के बीच नई यात्री ट्रेन सेवा की शुरुआत की जाएगी। प्रधानमंत्री छोटा उदयपुर-धार रेल परियोजना के तहत तैयार जोबट-टांडा रोड नई रेल लाइन भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
यह रेल लाइन अलीराजपुर के दूरस्थ और आदिवासी इलाकों को देश के रेल नेटवर्क से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
329 किमी के तीन रेलवे प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री करीब 329 किलोमीटर लंबे तीन रेलवे प्रोजेक्ट्स की आधारशिला भी रखेंगे। इन परियोजनाओं पर 9,700 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है।
इनमें शामिल हैं:
- वडोदरा-रतलाम तीसरी और चौथी रेल लाइन
- मियागाम कर्जन-चोरंडा-मालसर गेज कन्वर्जन
- विश्वामित्री-दभोई डबलिंग प्रोजेक्ट
इन परियोजनाओं के पूरा होने से यात्री और माल परिवहन की क्षमता बढ़ाने, रेल नेटवर्क पर भीड़ कम करने तथा गुजरात और मध्य प्रदेश के बीच संपर्क मजबूत करने में मदद मिलेगी।
करीब 1,780 करोड़ के नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स की शुरुआत
प्रधानमंत्री लगभग 1,780 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे।
इनमें एनएच-48 के कामरेज-चलथान हिस्से को छह लेन में बदलने का काम शामिल है। इसके अलावा एनएच-48 के वडोदरा-सूरत सेक्शन में तापी और नर्मदा नदियों पर बड़े पुलों समेत अन्य ढांचागत कार्य किए जाएंगे।
एनएच-53 पर अभवा, मिंधोला और खजोद जंक्शन के आसपास ग्रेड-सेपरेटेड स्ट्रक्चर विकसित किए जाएंगे।
गुजरात सरकार की परियोजनाओं पर भी फोकस
प्रधानमंत्री गुजरात सरकार की करीब 2,600 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
इनमें वडोदरा अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी की रिंग रोड फेज-II परियोजना, कडाना डैम में 110 मेगावाट क्षमता का फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट और वडोदरा म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के नए कार्यालय का निर्माण प्रमुख है।
उद्घाटन होने वाली योजनाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत तैयार आवासीय परियोजनाएं और पूर्वी वडोदरा के 11 गांवों के लिए जलापूर्ति योजना भी शामिल है।
मुंबई में Global Fintech Fest 2026 का उद्घाटन
गुजरात के कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री शाम करीब 5:45 बजे मुंबई पहुंचेंगे। यहां वह ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (GFF) 2026 का उद्घाटन करेंगे और कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे।
GFF का सातवां संस्करण 8 से 11 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। वर्ष 2020 से यह मंच वित्तीय क्षेत्र के भविष्य पर वैश्विक चर्चा के लिए महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित हुआ है।
फिनटेक सम्मेलन में नीति निर्माता, नियामक संस्थाएं, केंद्रीय बैंक, वित्तीय संस्थान, फिनटेक और टेक्नोलॉजी कंपनियां, निवेशक तथा अकादमिक जगत से जुड़े प्रतिनिधि वित्तीय क्षेत्र में हो रहे बदलाव और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
