पाकुड़: भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने शुक्रवार को पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा प्रखंड के विस्थापित इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने चिलगो, विशनपुर और आलूबेड़ा गांव पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
दौरे के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी परेशानियां उनके सामने रखीं। ग्रामीणों का कहना था कि विस्थापन के बाद कई परिवारों को बुनियादी सुविधाओं के लिए अब भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने गांव में मौजूद सुविधाओं और जिन क्षेत्रों में अभी सुधार की जरूरत है, उसकी जानकारी भी दी।
ग्रामीणों की बात सुनने के बाद बाबूलाल मरांडी ने कहा कि विस्थापित परिवारों को आवश्यक सुविधाओं से वंचित नहीं रखा जाना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सरकार से संबंधित मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
बताया गया कि अमड़ापाड़ा क्षेत्र के नॉर्थ और साउथ कोल ब्लॉक में बीजीआर और डीबीएल कंपनियां लंबे समय से कोयला खनन एवं परिवहन का कार्य कर रही हैं। खनन गतिविधियों के चलते इलाके के कई गांवों के लोगों को विस्थापन और पुनर्वास से संबंधित समस्याओं का सामना करना पड़ा है।
बाबूलाल मरांडी के दौरे के दौरान पूर्व विधायक दिनेश विलियम मरांडी, भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू, अमृत पांडेय, दुर्गा मरांडी और धर्मेंद्र त्रिवेदी सहित पार्टी के कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
