लातेहार: ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बालूमाथ प्रखंड में मुस्लिम यूथ कमेटी की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान किया और कुल 203 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने फीता काटकर किया।
रक्त संग्रह की जिम्मेदारी लातेहार ब्लड बैंक और मधुसूदन ट्रस्ट मेडिहोप हॉस्पिटल की मेडिकल टीम ने संभाली। शिविर में युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से रही।
उद्घाटन के दौरान एसपी कुमार गौरव ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि युवाओं में समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता होती है। उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे कार्य सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के साथ जरूरतमंद मरीजों की मदद में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने ईद मिलादुन्नबी जैसे पवित्र अवसर पर मानव सेवा के लिए रक्तदान शिविर आयोजित करने की पहल की सराहना की। एसपी ने बालूमाथ के युवाओं द्वारा सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की भी प्रशंसा की।
कार्यक्रम के दौरान मुस्लिम यूथ कमेटी की ओर से सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हेलमेट भी वितरित किए गए। एसपी ने इस पहल की सराहना करते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता को जरूरी बताया।
इससे पहले कमेटी के अध्यक्ष मुजम्मिल हुसैन और सचिव मो. इमरान ने मुख्य अतिथि कुमार गौरव को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी उमेश कुमार सिंह, अंचल अधिकारी कामेश्वर राम, पुलिस इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह, थाना प्रभारी अनुभव सिंहा, एसआई गौतम कुमार, विधायक प्रतिनिधि शैलेश कुमार सिंह, कृष्णा यादव, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप गंझू, झामुमो महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रीना उरांव, अंजुमन सदर हाजी शब्बीर, सचिव मौलाना जियाउल्लाह और सदस्य मो. शमीम समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
इस दौरान 47 बार रक्तदान कर चुके पत्रकार जावेद अख्तर को भी मुस्लिम यूथ कमेटी की ओर से अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
