Wednesday, August 26, 2026

रांची BJP कार्यालय में हुआ रुद्राभिषेक, शिव आराधना में जुटे पार्टी के दिग्गज नेता.

Share

रांची: सावन के अवसर पर रांची स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यालय का माहौल पूरी तरह धार्मिक नजर आया। भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भगवान शिव की आराधना की और राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और रवींद्र कुमार राय समेत कई नेता मौजूद रहे।

कर्मवीर सिंह बने मुख्य यजमान

रुद्राभिषेक की पूजा विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए। आरती के दौरान प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने भी हिस्सा लिया। पूजा के बाद प्रसाद का वितरण किया गया।

भजनों से गूंजा प्रदेश कार्यालय

रुद्राभिषेक के दौरान शिव भजनों का भी आयोजन हुआ। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भक्ति गीतों में भाग लिया। कुछ समय के लिए प्रदेश भाजपा कार्यालय का वातावरण पूरी तरह धार्मिक आयोजन जैसा नजर आया।

पूजा के बाद हुई कोर कमेटी की बैठक

धार्मिक कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भाजपा की कोर कमेटी की बैठक भी आयोजित की गई। इसमें प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, बाबूलाल मरांडी, कर्मवीर सिंह, रघुवर दास, मधु कोड़ा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, पूर्व विधायक अनंत ओझा, दीपक प्रकाश और दिनेशानंद गोस्वामी समेत अन्य नेताओं की मौजूदगी रही। बैठक देर शाम तक चली, जिसमें पार्टी से जुड़े विभिन्न संगठनात्मक और राजनीतिक विषयों पर चर्चा की गई।

Read more

Local News