Tuesday, August 25, 2026

JSLPS महिला कैडर ने बढ़े मानदेय की उठाई मांग, मंत्री दीपिका पांडेय को सौंपा ज्ञापन.

Share

रांची: झारखंड के सभी 24 जिलों से करीब 500 JSLPS महिला कैडर मंगलवार को रांची पहुंचीं और ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मानदेय समेत कई समस्याओं को लेकर मंत्री को ज्ञापन सौंपा।

महिला कैडरों ने बताया कि उन्हें वर्तमान में बेहद कम मानदेय मिल रहा है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने के दौरान आने-जाने और अन्य खर्च लगातार बढ़ रहे हैं। उनका कहना है कि कम भुगतान के कारण रोजमर्रा के पारिवारिक खर्चों का प्रबंधन करना मुश्किल हो रहा है।

कनिष्ठ और वरिष्ठ कैडर के लिए अलग मानदेय की मांग

ज्ञापन में कनिष्ठ कैडर के लिए 400 रुपये प्रतिदिन और वरिष्ठ कैडर के लिए 800 रुपये प्रतिदिन मानदेय निर्धारित करने की मांग की गई है।

इसके साथ ही महिला कैडरों ने यात्रा एवं संचार भत्ता देने, भविष्य निधि (PF) की सुविधा उपलब्ध कराने और बीमा सुरक्षा का लाभ देने की मांग भी रखी। नियुक्तियों में आरक्षण का लाभ देने की मांग भी प्रतिनिधिमंडल की ओर से की गई।

मंत्री ने दिया जल्द समाधान का भरोसा

महिला कैडरों ने अपनी समस्याएं मंत्री के सामने विस्तार से रखीं। दीपिका पांडेय सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को सुना और समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया।

मंत्री की ओर से पांच दिनों के भीतर इस मामले में सकारात्मक पहल किए जाने का आश्वासन मिलने की बात महिला कैडरों ने कही है। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल में शामिल कर्मियों को अपनी मांगों पर जल्द निर्णय की उम्मीद जगी है।

वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में कर रही हैं काम

JSLPS महिला कैडर वर्ष 2016-17 से ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े विभिन्न कार्यों में योगदान दे रही हैं। गांवों में स्वयं सहायता समूहों को संचालित करने के अलावा वे प्राकृतिक खेती, पशुपालन और विभिन्न सामाजिक योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में भी भूमिका निभाती हैं।

महिला कैडरों का कहना है कि उनकी जिम्मेदारियां लगातार बनी हुई हैं, लेकिन इसके अनुरूप मानदेय और अन्य सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने सरकार से मानदेय में उचित बढ़ोतरी के साथ सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

अब महिला कैडरों की नजर सरकार की ओर से अगले कुछ दिनों में होने वाली कार्रवाई पर है।

Read more

Local News