Samastipur News: पुलिस ने बताया कि महुली गांव में बच्चों के विवाद के बाद दो पक्षों में झड़प और गोलीबारी की सूचना मिली है। हसनपुर थाने की पुलिस मौके पर जांच में जुटी हुई है। प्राथमिक रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी
समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के परिदह पंचायत के महुली गांव में बच्चों के आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शनिवार को दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। इस दौरान एक पक्ष द्वारा चलाई गई गोली सौरभ कुमार नामक युवक के बाएं जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थिति को देखते हुए उसे समस्तीपुर सदर अस्पताल रेफर किया गया।
कैसे भड़का विवाद?जानकारी के अनुसार, गांव के एक स्कूल में शुक्रवार को हरेराम यादव और परमानंद यादव के बच्चों के बीच विवाद हुआ था। इस मामले को शनिवार सुबह स्थानीय स्तर पर सुलझा लिया गया था, लेकिन दोपहर करीब दो बजे एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते लाठी-डंडों के साथ दोनों पक्षों में हिंसक झड़प शुरू हो गई। इस संघर्ष में कपिल देव यादव, संदीप कुमार यादव, पुनीत लाल यादव, विष्णु देव यादव, सौरभ कुमार और लंबू यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
गोलीबारी से मचा हड़कंपबताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान एक पक्ष द्वारा गोलीबारी की गई, जिसमें सौरभ कुमार को गोली लग गई। चश्मदीदों के अनुसार, घटना के दौरान आधा दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग की गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही हसनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, चार गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद समस्तीपुर रेफर किया गया है।
पक्षों के आरोप-प्रत्यारोपकपिल देव यादव ने आरोप लगाया कि सरस्वती पूजा के दिन से ही बच्चों के बीच विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर लंबू यादव और उसके सहयोगियों ने अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। दूसरी ओर, लंबू यादव का कहना है कि पहले से सुलझा लिया गया मामला फिर से तूल पकड़ लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कपिल यादव के पक्ष ने पहले हमला किया और गोलीबारी की, जिसमें सौरभ कुमार को गोली लगी। पुलिस ने दी यह प्रतिक्रियारोसड़ा की डीएसपी सोनल कुमारी ने बताया कि महुली गांव में बच्चों के विवाद के बाद दो पक्षों में झड़प और गोलीबारी की सूचना मिली है। हसनपुर थाने की पुलिस मौके पर जांच में जुटी हुई है। प्राथमिक रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है ताकि कोई और अप्रिय घटना न हो। ग्रामीणों में इस हिंसक घटना को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है।



